
👉 निष्पक्ष जांच व कार्रवाई एवं राशि वसूली की ग्रामीणों ने की मांग !
*कोरबा-पाली!* ग्राम पंचायत मादन द्वारा बीते दिसंबर ,जनवरी माह के मध्य मुख्यमार्ग फारेस्ट काष्टागार से बस्ती की ओर 20 लाख की लागत से निर्माण कराए गए 600 मीटर की सीसी रोड 2 माह भी नही टिक सकी !इस सड़क निर्माण के हप्ते भर बाद ही सीमेंट उतरने लगी और घटिया निर्माण के सबूत सड़क पर स्पष्ट दिखाई देने लगे है !
पाली जनपद के ग्राम पंचायत मादन में जिला खनिज न्यास मद से लाखों के इस निर्माण के नाम पर सरपंच सचिव ने जमकर लीपापोती की और जेबें भरने का काम किया !लिहाजा पक्की सड़क बनने के सप्ताह भर बाद ही उखड़ने लगी और वर्तमान दृश्य ऐसा है कि सीसी रोड के नाम पर बड़ी तादाद में सीमेंट छोड़ चुकी गिट्टियां देखने को मिल रही है !सड़क निर्माण के पूर्व जमीन पर पालीथिन नही बिछाई गई और सीधे गुणवत्ताहीन कांक्रीट बिछा दी गई। नतीजतन इसके साल भर टिक पाने की उम्मीद बहुत कम नजर आ रही है !सोचनीय बात है कि घटिया निर्माण कार्य का मूल्यांकन ,सत्यापन आखिर किस आधार पर किया गया !ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण काल के दौरान उन्होंने घटिया काम को लेकर विरोध जताया था और शिकायत भी जनपद पंचायत अधिकारी से की गई थी ,लेकिन उनके विरोध व शिकायत को अनदेखा किया गया तथा जिम्मेदार सरपंच सचिव के साथ अधिकारियों के सांठगांठ से ही गुणवत्ता को ताक पर रख भ्रष्ट्राचार को अंजाम दिया गया !जिससे इस सड़क की दुर्दशा देखने को मिल रही है !ग्रामीणों की जिला प्रशासन से मांग है कि घटिया निर्माण मामले की निष्पक्ष जांच और जवाबदारों पर उचित कार्रवाई तथा सरकारी राशि की वसूली की जाए ,जिससे भविष्य में इस तरह की मनमानी व भ्रष्ट्राचार की पुनरावृत्ति दोहराई न जाए एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।



