Shatak to Saikada : रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध भाषिक एवं साहित्यिक परंपरा को नवीन आयाम प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण साहित्यिक आयोजन के अंतर्गत कवयित्री डॉ. कल्पना मिश्रा के काव्य संग्रह ‘शतक’ के श्री विवेक कुमार रहाटगांवकर द्वारा किए गए छत्तीसगढ़ी भावानुवाद ‘सैकड़ा’ का विमोचन एवं परिचर्चा समारोह वृंदावन हॉल, रायपुर में गरिमामय एवं साहित्यिक वातावरण में संपन्न हुआ।मूल काव्य कृति ‘शतक’ का छत्तीसगढ़ी भावानुवाद छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रसिद्ध अनुवादक श्री विवेक कुमार रहाटगांवकर ने किया है। यह प्रयास मूल रचना की भाव-संपदा, संवेदनात्मक अनुभूतियों एवं काव्यात्मक अभिव्यक्ति को छत्तीसगढ़ी भाषा के माध्यम से व्यापक पाठक समुदाय तक पहुँचाने की सार्थक पहल है।समारोह के मुख्य अतिथि साहित्य अकादमी एवं छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा थे।

Shatak to Saikada : इस काव्य कृति के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा को एक बहुत बड़ा संसार मिलेगा
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार श्री गिरिश पंकज ने प्रस्तुत काव्य संग्रह की रचना प्रक्रिया की सराहना करते हुए अनुवादक की प्रशंसा में अनुवाद को कवि को आकार और विस्तार देने वाला बताया तथा कहा कि इस काव्य कृति के माध्यम से छत्तीसगढ़ी भाषा को एक बहुत बड़ा संसार मिलेगा। साथ ही कोदूराम दलित की रचनाओं का स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि एक रचना दो भाषाओं में दो-दो कुलों को तारती है।
Shatak to Saikada : छत्तीसगढ़ी भाषा की अभिव्यक्ति-क्षमता तथा साहित्यिक गरिमा को नया मंच मिलता है
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’ ने अनुवाद को कठिन कार्य बताते हुए ‘सैकड़ा’ काव्य संग्रह में इतिवृत्तात्मकता, बौद्धिकता एवं आधुनिकता के समावेश को रेखांकित किया तथा इसे प्रयोगवादी कविता बताया। कविता के भीतरी और बाहरी दो स्वरूप बताते हुए उन्होंने कहा कि साध्य पवित्र होना चाहिए, तभी लक्ष्य की प्राप्ति हो सकती है। साथ ही साहित्य की सीमाओं का विस्तार करने के साथ-साथ भाषाओं के मध्य सांस्कृतिक आत्मीयता और भावात्मक संवाद को महत्वपूर्ण बताया। ‘शतक’ का छत्तीसगढ़ी भावानुवाद ‘सैकड़ा’ इसी भाषिक एवं सांस्कृतिक समन्वय का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस प्रकार के साहित्यिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ी भाषा की अभिव्यक्ति-क्षमता तथा साहित्यिक गरिमा को नया मंच मिलता है।

Shatak to Saikada : जिस कृति में मूल की प्रतीति हो, वही सर्वोत्तम अनुवाद
मुख्य वक्ता डॉ. चित्तरंजन कर ने कृति के साहित्यिक एवं भावात्मक पक्षों पर गहराई से प्रकाश डालते हुए कल्पना को आविष्कार की जननी तथा मूर्त का भाव में रूपांतरण ही कविता कहा। कविता में जीवन बोध, मूल्य बोध एवं इतिहास बोध को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने बोली को भाषा की जननी कहा एवं ‘सैकड़ा’ काव्य संग्रह की विभिन्न विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिस कृति में मूल की प्रतीति हो, वही सर्वोत्तम अनुवाद है। उन्होंने परंपरा का सम्मान करने की बात भी कही।
Shatak to Saikada : कविता में समाज, परिवार और प्रकृति तीनों का भाव निहित
अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री प्रभात मिश्रा ने कवि को अदृश्य लोक का रेडियो कहते हुए छत्तीसगढ़ी अनुवाद को बेहद महत्वपूर्ण बताया। साथ ही हमारी सनातन संस्कृति में बुद्ध के स्थान को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि कविता में समाज, परिवार और प्रकृति तीनों का भाव निहित है तथा बुद्ध यदि बुद्ध बने तो उसके पीछे कारण मातृशक्ति यशोधरा थीं।मुख्य अतिथि श्री शशांक शर्मा ने इस साहित्यिक पहल को समकालीन कविता बताते हुए प्रत्येक स्त्री को कवयित्री कहा तथा इस काव्य संग्रह की सराहना करते हुए इसे भाषायी समन्वय और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला प्रशंसनीय प्रयास बताया। इस अवसर पर प्रकाशकीय वक्तव्य में डॉ. सुधीर शर्मा द्वारा ‘सैकड़ा’ काव्य संग्रह की प्रशंसा की गई। प्राध्यापक डॉ. साधना ने कहा कि अनुवाद से कृति की पहुँच और दायरा बढ़ता है। सहायक प्राध्यापक डॉ. मंजू देवी कोच्चे द्वारा कुछ कविताओं का वाचन किया गया। कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन डॉ. आरती उपाध्याय ने किया। एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नीरज कुमार मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।समारोह में साहित्यकारों, प्रबुद्धजनों एवं साहित्यप्रेमियों की उपस्थिति रही। ‘सैकड़ा’ का यह प्रकाशन न केवल एक काव्य कृति का भाषांतरण है, अपितु दो भाषायी संवेदनाओं के मध्य आत्मीय सेतु निर्मित करने की रचनात्मक पहल भी है।



