Latest Posts

11 महीनों में 6900 किलो नकली (एनालॉग) पनीर जब्त

राजधानी में लोगों को पनीर के नाम पर क्या बेचा और खिलाया जा रहा है, इसका चौंकाने वाला खुलासा दैनिक भास्कर की पड़ताल में हुआ है। शहर के अलग-अलग इलाकों से खरीदे गए पनीर के आठ नमूनों में से सात गुणवत्ता के निर्धारित मानक पर खरे नहीं उतरे। इनमें छह नमूनों में मिल्क फैट 5 प्रतिशत तक भी नहीं मिला, जबकि पनीर में इसकी न्यूनतम मात्रा 50 प्रतिशत होनी चाहिए। सबसे चौंकाने वाली स्थिति श्री मंगलम स्वीट्स, डूमरतराई से खरीदे गए पनीर की रही। इसमें महज 0.56 प्रतिशत मिल्क फैट मिला। यहां तक कि अमूल के पैक्ड पनीर में भी मिल्क फैट सिर्फ 38 प्रतिशत दर्ज किया गया। इतना ही नहीं, चार नमूनों में नमी भी निर्धारित सीमा से अधिक मिली। एक नमूने में तो नमी 70.42 प्रतिशत तक पहुंच गई। दैनिक भास्कर की टीम ने सोमवार को शहर के आठ अलग-अलग प्रतिष्ठानों से पनीर खरीदकर राज्य सरकार की प्रयोगशाला में जांच कराई थी। रिपोर्ट ने बाजार में बिक रहे पनीर की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

निर्धारित मानक के अनुसार, ड्राई वेट बेसिस पर पनीर में मिल्क फैट कम से कम 50 प्रतिशत और नमी अधिकतम 60 प्रतिशत होनी चाहिए। लेकिन जांच में न्यू नेताजी होटल के नमूने में 4.89, इंदौर स्वीट्स में 1.53, श्री मंगलम स्वीट्स में 0.56, कृष्णा डेयरी में 0.59, मोवा के बीकानेर मिठाईवाला में 1.20 और गुलशन स्वीट्स में महज 1.53 प्रतिशत मिल्क फैट मिला। यानी ग्राहक जिस पनीर को दूध से बना पौष्टिक खाद्य पदार्थ समझकर खरीद रहे हैं, उसके छह नमूनों में निर्धारित न्यूनतम मानक के दसवें हिस्से से भी कम मिल्क फैट मिला है।

एक नमूने में 70.42% नमी, चार में तय सीमा से ज्यादा

जांच में सिर्फ मिल्क फैट ही नहीं, नमी की मात्रा भी चिंता बढ़ाने वाली रही। पनीर में नमी की अधिकतम सीमा 60 प्रतिशत है, लेकिन श्री मंगलम स्वीट्स के नमूने में यह 70.42 प्रतिशत मिली। इंदौर स्वीट्स के नमूने में 62.56, न्यू नेताजी होटल में 61.71 और गुलशन स्वीट्स में 67.92 प्रतिशत नमी दर्ज की गई। यानी चार नमूने नमी के निर्धारित मानक पर भी खरे नहीं उतरे। पनीर में अधिक नमी और बेहद कम मिल्क फैट का यह मेल उत्पाद की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। इससे उपभोक्ता को पनीर के वजन के अनुपात में अपेक्षित दूध के ठोस तत्व और वसा नहीं मिलने की आशंका पैदा होती है।

अमूल के पनीर में भी कम फैट इससे पोषण पर होता है असर

पड़ताल में ब्रांडेड पनीर की गुणवत्ता भी जांच के दायरे में आई। फाफाडीह स्थित भवानी डेली नीड्स से खरीदे गए अमूल के पैक्ड पनीर में मिल्क फैट 38 प्रतिशत मिला। यह निर्धारित न्यूनतम सीमा से 12 प्रतिशत अंक कम है। हालांकि, यह निष्कर्ष जांचे गए नमूने तक ही सीमित है। दूसरी ओर, मोतीबाग के पास देवभोग पार्लर से लिए गए नमूने में 53.59 प्रतिशत मिल्क फैट और 47.03 प्रतिशत नमी मिली। दोनों आंकड़े निर्धारित मानकों के भीतर हैं। इसकी मात्रा कम होने पर उपभोक्ता को अपेक्षित पोषण नहीं मिल पाता। फैट कम होने से पनीर का स्वाद, मलाईदारपन और बनावट भी प्रभावित होती है। वहीं, ग्राहक शुद्ध दूध से बने पनीर की कीमत चुकाता है, लेकिन गुणवत्ता वैसी नहीं मिल रही है। उसे मानक के अनुरूप उत्पाद नहीं मिलता। फैट बेहद कम और नमी अधिक मिलने पर पनीर बनाने की प्रक्रिया और उसमें इस्तेमाल किए गए कच्चे माल की जांच जरूरी हो जाती है।

ऐसे कराई गई जांच

छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर प्रतिबंधित है, इसलिए दैनिक भास्कर की टीम ने 16 नवंबर को शहर के 8 इलाकों से 250-250 ग्राम पनीर की खरीदी की। फिर पैकेट में नंबरिंग की गई, ताकि जांच करने वाले को पता न चले कि कौन सी पनीर किस संस्थान की है। खाद्य विभाग के राज्य प्रयोगशाला में जांच के बाद गुरुवार को रिपोर्ट आई।

Latest Posts

Don't Miss