महासमुंद। भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीमती सुधा साहू ने बीटीआई रोड स्थित फारेस्ट ग्राउंड वन विभाग खेल मैदान में शौचालय एवं यूरिनल की समुचित व्यवस्था कराने के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान श्रीमती दुर्गा सार्वा भी उपस्थित रहीं। ज्ञापन में बताया गया कि फारेस्ट ग्राउंड में प्रतिदिन सुबह शाम बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, महिलाएं, युवतियां एवं बुजुर्ग पैदल चलने, दौड़ने, व्यायाम एवं खेलकूद के लिए आते हैं। कई युवा पुलिस, सेना एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक तैयारी भी यहीं करते हैं। सुबह शाम मिलाकर लगभग 1000 लोग प्रतिदिन मैदान का उपयोग करते हैं लेकिन इतनी बड़ी संख्या के बावजूद वहां शौचालय की समुचित सुविधा नहीं है जिससे विशेषकर महिलाओं एवं युवतियों को भारी असुविधा होती है।
श्रीमती साहू ने बताया कि मैदान में एक पुराना गार्ड रूम है जिसमें शौचालय बना है लेकिन पानी की व्यवस्था नहीं होने से वहां गंदगी पसरी रहती है, और साफ सफाई नहीं हो पाती। ऐसी स्थिति में महिलाओं को मजबूरी में उसी असुविधाजनक स्थान का उपयोग करना पड़ता है। हाउसिंग बोर्ड द्वारा मैदान में सिंथेटिक ट्रैक के साथ व्यायाम शाला भवन का निर्माण किया गया है और उससे संलग्न शौचालय भी बना हुआ है लेकिन अभी तक उसे आमजन के उपयोग के लिए खोला नहीं गया है।
उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि जनहित और महिलाओं की सुविधा को देखते हुए व्यायाम शाला भवन से लगे शौचालय को शीघ्र पानी एवं नियमित साफ सफाई के साथ शुरू कराया जाए अथवा मैदान में महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग पर्याप्त संख्या में नए शौचालय एवं यूरिनल का निर्माण कराया जाए ताकि रोज आने वाले लोगों को मूलभूत सुविधा मिल सके।



