बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी के चवत गली में सोमवार देर रात एक घर में रेफ्रिजरेटर फट गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं। हादसा सोमवार देर रात का बताया जा रहा है।
पुलिस की शुरुआती जाँच के मुताबिक घर के अंदर रेफ्रिजरेटर फटने के बाद आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपने आगोश में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को घर से बाहर निकलने का भी मौका नहीं मिला। जिस कारण ये दुखद घटना हुई।
चंद मिनटों में मातम में बदली खुशियाँ
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे में 65 वर्षीय गजानन धामोने, 21 वर्षीय रोशन धामोने, 45 वर्षीय शारदा धामोने और 50 वर्षीय भारती धामोने ने अपनी जान गवां दी।
जबकि 28 वर्षीय प्रिया धामोने और 25 वर्षीय गंगा धामोने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं, और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद सदमे में परिवार
गणेशोत्सव के दिन हुए इस हादसे के बाद पूरा धामोने परिवार सदमे में है। जानकारी के मुताबिक परिवार मजदूरी करके अपना पालन पोषण करता है।
पुलिस जांच के बाद होगा खुलासा
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है, और आगे की जांच के बाद आग लगने का सही कारण पता चलेगा।



