ट्रेकर डॉग ‘गब्बर’ ने घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी के घर तक पहुंचकर पुलिस को दी थी अहम जानकारी
जांजगीर-चांपा। ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या के मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी को कोतवाली पुलिस की टीम ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड के एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। खास बात यह है कि घटना के बाद आरोपी की पहचान करने में पुलिस ट्रेकर डॉग ‘गब्बर’ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गब्बर घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा था, जिसके बाद पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम सुराग मिले थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 19 नवंबर 2026 को सूचक कमल सूर्यवंशी निवासी सूर्या चौक खोखरा ने थाना सिटी कोतवाली जांजगीर में सूचना दी कि 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा निवासी कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी एवं मृतक देवनारायण सूर्यवंशी एक साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने देवनारायण सूर्यवंशी के सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट (एसओसीयू) तथा पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इस दौरान पुलिस ट्रेकर डॉग ‘गब्बर’ घटनास्थल से सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर तक पहुंचा। पुलिस ने जब उसके घर की जांच की तो वह फरार मिला। इसके बाद से ही पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 नवंबर को मामले के एक आरोपी इतवारी सूर्यवंशी पिता कामता सूर्यवंशी (42 वर्ष), निवासी सूर्या चौक खोखरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी पिता रामरतन सूर्यवंशी (40 वर्ष), निवासी सूर्या चौक ग्राम खोखरा की तलाश जारी थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने उसे रायपुर से पकड़कर जांजगीर लाया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मृतक के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पत्थर से उसके सिर पर प्राणघातक हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद एवं पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून अपने हाथ में न लें। किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में हिंसा का रास्ता अपनाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।



