जांजगीर-चांपा। ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के तहत समाज में जागरूकता लाने और जमीनी स्तर पर बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करने के उद्देश्य से आज बुधवार को नवागढ़ में एक महत्वपूर्ण परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की 25 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का सफल समन्वयक हरीशंकर द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी वक्ताओं और सहभागियों को बेहद सुचारू रूप से जोड़े रखा। कार्यशाला में मुख्य रूप से परियोजना अधिकारी नवागढ़ पंकज शुक्ला, परियोजना अधिकारी बम्हनीडीह से ऋचा तिवारी, सखी सेंटर जांजगीर से निशा मैडम, चाइल्डलाइन हेल्प नंबर 1098 जांजगीर से विष्णु तथा आंगनबाड़ी सुपरवाइजर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने बाल विवाह के दुष्परिणामों, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पैनी नजर रखें और किसी भी बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन या चाइल्डलाइन 1098 को सूचित करें। इस अवसर पर कल्प समाज सेवी संस्था के संचालक अभिषेक यादव ने कहा, “इस तरह के परामर्श और जन-भागीदारी से ही समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। जब तक हर गाँव का प्रतिनिधि और बच्चा इसके खिलाफ खुद आगे नहीं आएगा, तब तक इस कुप्रथा का जड़ से खात्मा मुमकिन नहीं है। कार्यक्रम के अंत में समन्वयक हरीशंकर जी के मार्गदर्शन और सभी अतिथियों की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों और स्कूली बच्चों ने एक साथ हाथ आगे बढ़ाकर अपने गांव और समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली।



