जांजगीर-चांपा। अपनी मांगो को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओ ने मोर्चा खोल दिया है। जिला मुख्यालय जांजगीर के कचहरी चौक मंगलवार से तीन दिवसीय आंदोलन शुरु कर दिया गया है। बुधवार को भी आंदोलन पर डटी रही। आंगनबाड़ी केंद्रो में ताला लगाकर कार्यकर्ता और सहायिका सड़क पर उतर गई है। नियमितीकरण और मानदेय में बढ़ोतरी समेत 13 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। बच्चों के पोषण से लेकर गर्भवती महिलाओं की देखभाल और टीकाकरण तक सरकार की विभिन्न योजनाओं के कार्यो की जिम्मेदारी संभालने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने तीन दिवसीय धरना शुरू कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपनी 13 सूत्रीय मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका संघ ने मंगलवार 17 नवंबर को आंदोलन शुरू किया। वे दूसरे दिन भी आंदोलन पर डटी रही। कार्यकर्ताओं का कहना है कि 10 हजार रुपये के मानदेय में ही उन्हें सामग्री परिवहन, फोटोकॉपी, बैठकों और आने-जाने का खर्च उठाना पड़ता है। पोषण ट्रैकर ऐप के लिए मिलने वाली डेटा राशि भी मौजूदा रिचार्ज खर्च के मुकाबले काफी कम है। वहीं मानदेय समय पर नहीं मिलने से भी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। प्रमुख रूप से नियमितीकरण करने, नियमितीकरण होने तक 30 हजार रुपये मानदेय, आयु सीमा में छूट के साथ शत-प्रतिशत सुपरवाइजर पद पर पदोन्नति और सेवा समाप्ति पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि देने की मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। वहीं आगे के लिए चरणबद्ध आंदोलन की रुपरेखा तैयार की गई है।



