Latest Posts

जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को सौंपा ज्ञापन

जनप्रतिनिधियों के अधिकारों के हनन और पक्षपातपूर्ण रवैये पर जताई कड़ी आपत्ति

जांजगीर-चांपा। जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेस के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शिवरीनारायण प्रवास के दौरान उनसे औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने शासन और प्रशासन स्तर पर विपक्ष के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ हो रहे पक्षपात, विकास निधि के आबंटन में भेदभाव और दमनात्मक कार्रवाइयों के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त करते हुए एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस शिष्टमंडल में जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल के साथ-साथ जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष राघवेन्द्र प्रताप सिंह और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवल सिंह ठाकुर मुख्य रूप से शामिल रहे।जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जांजगीर-चांपा जिले में वर्तमान सरकार के गठन के पश्चात से ही शासन के मंत्रियों और प्रशासन के आला अधिकारियों द्वारा विपक्ष के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों विधायक से लेकर त्रिस्तरीय पंचायत के सरपंचों तक के विकास निधि संबंधी अधिकारों में लगातार कटौती और मनमानी की जा रही है। जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से स्पष्ट शब्दों में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद से लेकर इस सरकार के आने से पूर्व तक कभी भी विपक्षी जनप्रतिनिधियों के साथ ऐसा पक्षपातपूर्ण व्यवहार नही किया गया था। वर्तमान शासनकाल में जिले के भीतर प्रशासनिक स्तर पर “तेरा-मेरा” की राजनीति खुलेआम की जा रही है।प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में जिला पंचायत सदस्यों के साथ हुई दमनात्मक कार्रवाई और उन्हें हाउस अरेस्ट किए जाने की घटना को लोकतंत्र की हत्या और तानाशाही करार दिया। इसे जनप्रतिनिधियों की आवाज़ दबाने का प्रयास बताया गया। कांग्रेस नेताओं की पूरी बात गंभीरता से सुनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मामले की अपने स्तर पर निष्पक्ष जांच कराने तथा भविष्य में विकास निधि के आबंटन में विपक्षी जनप्रतिनिधियों को भी समान अधिकार व सम्मान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।

Latest Posts

Don't Miss