क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
चांपा। नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत वार्ड क्रमांक 12 में मुक्तिधाम निर्माण कार्य का भूमि पूजन विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव ने बताया कि क्षेत्र के नागरिकों द्वारा मुक्ति धाम के निर्माण की मांग वर्षों से की जा रही थी। इसी कड़ी में नगरीय प्रशासन मंत्री से मुक्ति धाम निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजा गया था जिसे अधोसंरचना मद से 22.68 लाख की राशि स्वीकृति प्रदान की, इसके अतिरिक्त साथ ही नगर के वार्ड क्रमांक 1, वार्ड क्रमांक 10, वार्ड क्रमांक 13, वार्ड क्रमांक 14, वार्ड क्रमांक 22 वार्ड क्रमांक 25 में भी मुक्ति धाम में भी अतिरिक्त कार्य कराया गया है। लोक निर्माण विभाग के सभापति संजय सोनी ने बताया मुक्तिधाम निर्माण की पहल को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों को अंतिम संस्कार संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। लंबे समय से इस सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे पूरा करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। वार्ड पार्षद भगवंतिन साहू ने भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान कहा कि मुक्तिधाम जैसी मूलभूत सुविधा का विकास सामाजिक दायित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है, वर्षा ऋतु के समय दाह संस्कार में परेशानी होती है प्रतीक्षालय भी नहीं, इसके निर्माण से क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी। इस अवसर पर पार्षद महेंद्र तिवारी, सलीम मेमन,गौतम यादव, गंगाराम मांझी, बसंत बघेल, कमल सोनवानी, किशोर मोदी, अनुपम अग्रवाल, विक्रांत बघेल, गायत्री देवी बघेल,कुश चौहान उप अभियंता यज्ञा सिदार सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।



