Latest Posts

जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 86 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

खिलाड़ियों को निडजाम–2026 में मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौक

जांजगीर-चांपा। जिला एथलेटिक्स संघ, जांजगीर-चांपा के तत्वावधान में 13 अक्टूबर को मिनी स्टेडियम पामगढ़ में जिला स्तरीय अंडर-14 एवं अंडर-16 बालक-बालिका एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में जिले के कुल 86 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, क्षमता एवं खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित 13 खिलाड़ियों को आगामी नवंबर में हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता निडजाम–2026 में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अवसर है। अंडर-16 आयु वर्ग की लंबी कूद स्पर्धा के बालिका वर्ग में जया यादव ने प्रथम, राधिका नाग ने द्वितीय तथा श्वेता टंडन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग में युवराज केवट प्रथम, रंजीत पटेल द्वितीय और महेंद्र पटेल तृतीय स्थान पर रहे।60 मीटर दौड़ के बालिका वर्ग में जया यादव ने प्रथम, रिया यादव ने द्वितीय और प्रेरणा जसवाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में युवराज ने प्रथम, यशपाल ने द्वितीय और रंजीत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में गुलशन पटले प्रथम, चंद्रहास पटेल द्वितीय और दुर्गेश मरावी तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में प्रेरणा वेद्राम ने प्रथम तथा श्वेता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।गोला फेंक के बालक वर्ग में रणवीर ने प्रथम, गौरव ने द्वितीय और प्रेम ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में कांति केवट प्रथम, राधिका द्वितीय और ममता गोंड तृतीय स्थान पर रहीं। इसी तरह भाला फेंक के बालक वर्ग में आदित्य ने प्रथम तथा देवेंद्रकृष्ण ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 आयु वर्ग की किड्स जेवलिन थ्रो स्पर्धा के बालक वर्ग में योगेंद्र ने प्रथम, अनय ने द्वितीय और भवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।ट्रायथलॉन ए के बालिका वर्ग में रमा केवट प्रथम, अंजलि द्वितीय और ग्रेसी तृतीय स्थान पर रहीं। ट्रायथलॉन बी में राधिका यादव ने प्रथम, माही रात्रे ने द्वितीय और नीलम कर्ष ने तृतीय स्थान हासिल किया। ट्रायथलॉन सी में साक्षी प्रथम और नम्रता द्वितीय स्थान पर रहीं।बालक वर्ग के ट्रायथलॉन ए में योगेंद्र ने प्रथम, प्रिंस ने द्वितीय और फ्रांसिस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ट्रायथलॉन बी में भवानी प्रथम, साहिल द्वितीय और अनय तृतीय स्थान पर रहे। वहीं ट्रायथलॉन सी में यशवर्धन ने प्रथम, प्रदीप ने द्वितीय और भुवन ने तृतीय स्थान हासिल किया।तकनीकी अधिकारियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिकाप्रतियोगिता के सफल आयोजन में तकनीकी अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी अधिकारियों के रूप में पी. जी. जयकृष्णन, मनीष पांडेय, राधिका कश्यप, दिनेश रात्रे, गजेंद्र चौहान, संतोष लहरे, प्रफुल्ल साहू, हेमंत, विजय कुमार साहू, विनोद भारती, बसंत टंडन, होली बर्मन, गुलशन यादव, अशोक साहू, गजेंद्र बरेट, धिरमन लाल आदित्य एवं श्रीनिवास आदित्य सहित अन्य सदस्यों ने प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग प्रदान किया। जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सुशील मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि संघ जिले में एथलेटिक्स खेल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।संघ के सचिव हितेश यादव ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के उत्साह एवं प्रदर्शन की सराहना की। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता निडजाम–2026 के लिए चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई। आयोजन में प्रमुख सहयोगी विद्या निकेतन शाला के प्राचार्य नरेंद्र पांडेय ने भी आशा व्यक्त की कि चयनित खिलाड़ी हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जांजगीर-चांपा जिले का नाम रोशन करेंगे।

Latest Posts

Don't Miss