Latest Posts

पुलिस में नौकरी लगाने के नाम पर 11.30 लाख की ठगी, फरार आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर

रायगढ़ जिले में पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर 11.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी अमन यादव को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले के दो आरोपी उत्तरा सिदार और संजू यादव को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।

कांस्टेबल की नौकरी लगाने का दिया था झांसा
मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2025 को अलेन किड़ो ने चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके भतीजे राहुल किड़ो को छत्तीसगढ़ पुलिस में कांस्टेबल पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने 11 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित ने बताया था कि किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर पदस्थ उत्तरा सिदार ने प्रारंभ में 50 हजार रुपये की मांग की थी। इसमें उसने 30 हजार रुपये उत्तरा सिदार को दिए, जबकि इसके बाद संजू यादव को 20 हजार रुपये दिए। इस दौरान आरोपियों ने उसे बताया कि यह राशि रायपुर निवासी विकास सिदार को देनी है, जो नौकरी लगाने में मदद करेगा। इसके बाद पीड़ित ने विकास सिदार सहित उसके अन्य साथियों के खातों में अलग-अलग रकम जमा कर दी।
फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर लिया भरोसे में
पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा फर्जी दस्तावेज एवं नियुक्ति पत्र दिखाकर पीड़ित को विश्वास में लेने की बात सामने आई। इस पर थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 468 और 34 आईपीसी के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने उत्तरा सिदार और संजू यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के दबाव में कोर्ट पहुंचा आरोपी
पुलिस के लगातार बढ़ते दबाव के चलते आरोपी अमन यादव न्यायालय में सरेंडर करने पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अमन यादव ने बताया कि उत्तरा सिदार और संजू यादव के कहने पर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए उसने अपना बैंक खाता नंबर उपलब्ध कराया था। इसके एवज में उसे रकम देने की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अमन यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Latest Posts

Don't Miss