रायगढ़ के कापू रेंज में 12 हाथियों के दल के बीच पहुंचे युवक पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। रातभर तलाश के बाद बुधवार सुबह नदी किनारे शव मिला। वन विभाग ने परिजनों को 25 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता दी।
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बीती रात जंगली हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम मृतक युवक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि देते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला कापू रेंज का है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल के अंतर्गत आने वाले कापू रेंज के 99 पीएफ में विचरण कर रहे 12 हाथियों के दल से एस्तर तिर्की पिता बुनाराम 24 साल, निवासी पीठपानी का अचानक सामना हो गया, जिसके बाद हाथी ने उसे कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि युवक कल शाम संभवतः मछली पकड़ने नदी पहुंचा था, इसी बीच वहां से गुजर रहे हाथियों के दल से युवक का सामना हो गया। जिसके बाद यह घटना घटित हो गई। युवक के रात भर घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी पतासाजी में जुटे हुए थे, वहीं आज सुबह नदी किनारे युवक की लाश मिलने से पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया।
बताया जा रहा है कि कापू रेंज में बाकारुमा रेंज की तरफ से हाथियों का आना जाना लगा हुआ है, ऐसे में वन विभाग की टीम लगातार आसपास के गांव में मुनादी कराते हुए क्षेत्र के लोगों को सावधानी बरतने अपील करते आ रहा है। बहरहाल हाथी के हमले से युवक की मौत होने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर मृतक युवक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये देते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
धरमजयगढ़ वन मंडल में 78 हाथी
वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक धरमजयगढ़ वन मंडल में इन दिनों 78 हाथी विचरण कर रहा है, जिसमें 25 नर, 30 मादा के अलावा 23 शावक शामिल है। बीती रात हाथियों के दल ने 24 किसानों की फसल को भी नुक़सान पहुंचाया है, वन विभाग की टीम नुकसान के आकलन में जुटी हुई है।



