रविवार को जहां करीना कपूर की ‘दायरा’ और कुणाल खेमू की ‘वाइब’ दर्शकों के लिए तरसती रही। वहीं हॉलीवुड फिल्म ‘रेसिडेंट ईविल’ इन दोनों फिल्मों पर भारी पड़ी। वहीं सातवें हफ्ते में चल रही ‘हनुमान अंश’ ने इस रविवार भी सबसे बेहतर कमाई की।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ का क्रेज दर्शकों के बीच कम होने का नाम ही नहीं ले रहा। रिलीज के सातवें हफ्ते में चल रही यह फिल्म हालिया रिलीज हॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्मों को पछाड़ रही है। दूसरी तरफ ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी बेहतर कमाई कर रहे है। जानिए इस रविवार कैसा रहा बॉक्स ऑफिस का कमाई का हिसाब-किताब?
रविवार को भी ‘दायरा’ को नहीं मिले दर्शक
करीना कपूर और पृथ्वीराज अभिनीत फिल्म दायरा की शुरुआत तो खराब रही। फिल्म ने पहले दिन शुक्रवार को मात्र 1 करोड़ का बिजनेस किया। शनिवार को इसने थाेड़ा बेहतर प्रदर्शन करते हुए 1.75 करोड़ कमाए। रविवार को भी इसने शनिवार के बराबर ही 1.75 करोड़ का कारोबार किया। इस तरह तीन दिनों में इसने कुल 4.50 करोड़ रुपये कमाए।
मेघना गुलजार निर्देशित इस फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन एक केस सॉल्व करते नजर आ रहे हैं।
‘रेसिडेंट ईविल’ ने बॉलीवुड को पछाड़ा
अब बात करें हॉलीवुड फिल्म रेसिडेंट ईविल की तो इसने दोनों ही दिन नई रिलीज हुई इन दोनों बॉलीवुड फिल्मों को कलेक्शन के मामले में पछाड़ दिया। पहले दिन इसने 2.60 करोड़ कमाए। दूसरे दिन शनिवार को 3.35 करोड़। तीसरे दिन रविवार को फिल्म ने 3.65 रुपये का कारोबार किया। इस तरह तीन दिनों में इस फिल्म की कमाई ‘दायरा’ और ‘वाइब’ को पीछे छोड़ते हुए 9.60 करोड़ रुपये हो चुकी है।
नहीं थमी ‘हनुमान अंश’ की कमाई
फिल्म ‘हनुमान अंश’ रिलीज के 45 दिन बाद भी बॉक्स ऑफिस पर टॉप पर बनी हुई है। फिर से इसकी कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिला है। छठे हफ्ते फिल्म ने 80 करोड़ का कारोबार किया। शुक्रवार को 5 करोड़, शनिवार को 9.75 करोड़ और रविवार को खबर लिखे जाने तक 13.75 करोड़ रुपये कमाए। कुल मिलाकर फिल्म ने अब तक 271.88 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।
हनुमान अंश की कमाई अब तक
- पहले हफ्ते – 1.08 करोड़
- दूसरे हफ्ते – 40 लाख
- तीसरे हफ्ते – 10.40 करोड़
- चौथे हफ्ते – 61 करोड़
- पांचवे हफ्ते – 90.25 करोड़
- छठे हफ्ते – 80.25 करोड़
- सातवें हफ्ते – 28.50 करोड़ (कमाई जारी है)
- कुल – 271.88 करोड़ (कमाई जारी है)



