Latest Posts

रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा होंगे राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO, ऑपरेशन सिंदूर और कारगिल युद्ध में रही है अहम भूमिका

अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO को लेकर लंबे समय से ये इंतजार किया जा रहा था कि किसे इस पद पर नियुक्त किया जाएगा। आखिरकार वह दिन आ गया और रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO होंगे।

लखनऊ: अयोध्या स्थित राम मंदिर के ट्रस्ट के पहले CEO के नाम को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO होंगे।

कौन हैं रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा?

रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा देवरिया के रहने वाले हैं और 30 अप्रैल 2026 (यानी 4 महीने पहले) को ही रिटायर हुए हैं। वह वायुसेना के पश्चिमी कमान के चीफ रहे हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और कारगिल युद्ध में भी अहम भूमिका निभाई थी।

रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (एसवाईएसएम), अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और विशिष्ट सेवा मेडल (वीएसएम) से भी सम्मानित किया जा चुका है।

38 साल से ज्यादा के अपने सर्विस करियर में, जितेंद्र मिश्रा ने कई अहम कमांड और स्टाफ पदों पर काम किया है। इनमें फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर, एयरक्राफ्ट एंड सिस्टम्स टेस्टिंग एस्टेब्लिशमेंट (ASTE) में चीफ टेस्ट पायलट, दो फ्रंटलाइन एयर बेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग, एयर HQ (VB) में डायरेक्टर (ऑपरेशनल प्लानिंग एंड असेसमेंट ग्रुप), प्रिंसिपल डायरेक्टर (ASR) और असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (प्रोजेक्ट्स), ASTE के कमांडेंट और इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (डॉक्ट्रिन, ऑर्गनाइज़ेशन और ट्रेनिंग) के डिप्टी चीफ जैसे पद शामिल हैं। मौजूदा पद संभालने से पहले, वह इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशन्स) के डिप्टी चीफ थे।

क्यों किया गया है राम मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्था में बदलाव?

अयोध्या के प्रसिद्ध राम मंदिर में बड़े पैमाने पर दान की चोरी के आरोपों के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा को हटा दिया गया था। इसके बाद ये ऐलान किया गया था कि राम मंदिर की व्यवस्था में बदलाव के लिए राम मंदिर ट्रस्ट के लिए एक CEO नियुक्त किया जाएगा। आज (2 सितंबर) राम मंदिर ट्रस्ट के लिए CEO के रूप में रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा का नाम फाइनल कर दिया गया।

बता दें कि CEO पद के अन्य दावेदारों में पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडे, पूर्व IAS अधिकारी दिनेश चंद्र, रिटायर्ड IAS अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा और पूर्व IPS अधिकारी परेश सक्सेना शामिल थे। लेकिन बाद में रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा का नाम फाइनल हुआ।

राम मंदिर को 3 नए ट्रस्टी मिले

इससे पहले आज दिन में, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के एडमिनिस्ट्रेटिव फेरबदल के तहत 3 नए ट्रस्टी नियुक्त किए थे। नए ट्रस्टियों में दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के रहने वाले मदन मोहन पांडे और शिकोहाबाद की निर्मला यादव शामिल हैं।

खबरों के मुताबिक, महेश भागचंदका विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के रिश्तेदार हैं। राम मंदिर ट्रस्ट की एक अहम बैठक में पांडे और यादव के साथ-साथ उनकी नियुक्ति पर भी चर्चा हुई।

Latest Posts

Don't Miss