Raipur Industry News: एमएसएमई, स्टार्टअप, उद्योग, रोजगार और निवेश को एक मंच पर लाने की तैयारी
Raipur Industry News: रायपुर। राजधानी में 18 से 20 सितंबर को 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर का आयोजन होगा। जिसमें उद्योग और व्यापार का बड़ा मंच सजेगा। जहां छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देशभर से आने वाले उद्यमियों और अतिथियों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर भी बनेगा। साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में होने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में व्यापारिक गतिविधियों के साथ छत्तीसगढ़ की लोक कला, संगीत, नृत्य और परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी।
आयोजन की खासियत यह होगी कि दिन में जहां उद्योग, एमएसएमई, स्टार्टअप, निवेश, मीटिंग और रोजगार से जुड़े कार्यक्रम होंगे, वहीं शाम और रात में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां माहौल को छत्तीसगढिय़ा रंग देंगी। प्रदेश की लोक परंपराओं को देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले उद्योगपतियों, निवेशकों, खरीदारों और व्यापारिक प्रतिनिधियों तक पहुंचाने का यह एक प्रभावी माध्यम बनेगा।

Raipur Industry News: लोककला बनेगी पहचान
छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति से भी जुड़ी है। पंथी, राउत नाचा, करमा, सुआ और अन्य लोकनृत्य प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हैं। औद्योगिक मेले में इस सांस्कृतिक पक्ष को स्थान मिलने से प्रदेश की एक ऐसी तस्वीर सामने आएगी, जिसमें आधुनिक औद्योगिक विकास के साथ अपनी जड़ों से जुड़ाव भी दिखाई देगा।
Raipur Industry News: स्थानीय उत्पादों को संस्कृति का साथ
व्यापार और संस्कृति का यह मेल स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान दे सकता है। छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प, हथकरघा, बांस शिल्प, बेलमेटल कला, कोसा वस्त्र, वन उत्पाद और पारंपरिक उत्पाद प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। यदि इन्हें आधुनिक पैकेजिंग, डिजाइन और राष्ट्रीय बाजार से जोड़ा जाए तो स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा हो सकते हैं। इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर इसी सोच को आगे बढ़ाने का मंच बनेगा।
Raipur Industry News:‘लोकल से नेशनल’ तक संस्कृति की यात्रा
फेयर का ‘लोकल से नेशनल’ दृष्टिकोण संस्कृति के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण हो सकता है। छत्तीसगढ़ के छोटे शहरों और गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों तथा पारंपरिक कलाओं को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए व्यापारिक नेटवर्क, निवेश और तकनीकी सहयोग महत्वपूर्ण हैं। इस तरह यह आयोजन उद्योग और संस्कृति के बीच एक नया संबंध स्थापित कर सकता है। एक ओर आधुनिक तकनीक, स्टार्टअप और निवेश की संभावनाएं होंगी, तो दूसरी ओर प्रदेश की लोक परंपराएं और रचनात्मक विरासत।
Raipur Industry News:विकास के साथ विरासत का संरक्षण
तीन दिनों का यह आयोजन इसलिए खास होगा कि यहां उद्योग को बाजार, युवाओं को रोजगार, उद्यमियों को नेटवर्क और निवेशकों को अवसर मिलने के साथ देशभर से आए लोगों को ‘छत्तीसगढ़ की औद्योगिक ताकत के साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान’ को करीब से जानने का अवसर भी मिलेगा।



