Latest Posts

नेपाल में बाढ़ से भारी तबाही, 55 लोगों की मौत; पांच जिलों में मिले शव, कितने लोग अब भी लापता?

नेपाल में भोटे कोशी नदी में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड से मरने वालों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है। नेपाल पुलिस के अनुसार, चितवन में 18, धादिंग में 16, नुवाकोट में 11, गोरखा में नौ और रसुवा में एक शव बरामद किया गया है। बाढ़ से प्रभावित इलाकों में अब भी तलाशी और बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। राहत और बचाव कार्य के बीच मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

नेपाल दूतावास ने बताया कि बाढ़ से घरों, सड़कों, पुलों, जलविद्युत परियोजनाओं और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। नेपाल की सुरक्षा एजेंसियां, आपदा प्रबंधन विभाग, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है। प्रभावित इलाकों में तलाशी और बचाव अभियान, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा आपात चिकित्सा सहायता देने का काम जारी है।
नेपाल सरकार ने और क्या जानकारी दी?
अधिकारियों ने नदियों के जलस्तर और निचले इलाकों में आगे बाढ़ के खतरे पर भी नजर बढ़ा दी है। दूतावास के अनुसार, मृतकों, लापता लोगों और नुकसान की सही संख्या अभी सत्यापित की जा रही है। आपदा के कारणों का भी आकलन किया जा रहा है। नेपाल सरकार ने मित्र देशों और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से मिली संवेदनाओं और मदद की पेशकश के लिए आभार जताया है। विदेशी सहायता की जरूरत और उसके इस्तेमाल का फैसला काठमांडो में नेपाल सरकार के स्तर पर किया जाएगा। भारत में नेपाल का दूतावास नेपाल सरकार और भारत सरकार के बीच जरूरी समन्वय के लिए संपर्क में है।
पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री से क्या बात की?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने बाढ़ के कारण हुई मौतों पर शोक जताया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। भारत सरकार के सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल को हर संभव मानवीय और राहत सहायता देने का भरोसा दिया। नेपाल में बाढ़ के कारण कई इलाकों में हालात गंभीर बने हुए हैं। भारत ने संकट की इस घड़ी में नेपाल के साथ खड़े रहने और जरूरत के मुताबिक राहत एवं मानवीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई है। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से यह मदद की पेशकश भारत और नेपाल के बीच करीबी संबंधों को भी दर्शाती है।

भारत भेज रहा राहत सामग्री, एनडीआरएफ की टीम भी जाएगी

अधिकारियों के अनुसार, भारतीय वायुसेना के विमानों से दवाइयों और राशन समेत जरूरी राहत सामग्री नेपाल भेजी जा रही है। यह सहायता सरकार की मानवीय सहायता और आपदा राहत पहल के तहत दी जा रही है। भारत नेपाल में राहत और बचाव अभियान के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के बचावकर्मियों को भी भेजने की तैयारी कर रहा है। बाढ़ से नेपाल के उत्तरी जिलों में भारी तबाही हुई है। अब तक चार लोगों की मौत की खबर है और करीब 400 लोग लापता हैं। इनमें 105 भारतीय और 37 भारतवंशी शामिल हैं। बाढ़ से कई बस्तियों और करीब एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है।

Latest Posts

Don't Miss