Latest Posts

AI तस्वीर से शादी के जाल में फंसे पाकिस्तान के पूर्व मंत्री, वीडियो कॉल पर ही कर लिया निकाह

कराची (एजेंसी)। इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुए रोमांस और वीडियो कॉल पर हुई शादी का अंत सदमे, तलाक और पुलिस शिकायत के साथ हुआ। पाकिस्तान के एक पूर्व मंत्री का आरोप है कि उन्हें इस रिश्ते में फंसाने के लिए एआइ से बनी तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया था।

सिंध के पूर्व मंत्री गुलाम रसूल उन्नर ने कराची की एक सेशन कोर्ट में याचिका दायर कर अपनी पूर्व पत्नी रजिया अरबाब के खिलाफ ‘प्रिवेंशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक क्राइम्स एक्ट’ के तहत एफआइआर दर्ज करने की मांग की है।

AI से बनी फोटो देखकर तय की शादी

मामले की सुनवाई के दौरान गुरुवार को उन्नर के वकील ने कोर्ट को बताया कि उनके क्लाइंट की अरबाब से बातचीत इंटरनेट मीडिया के जरिए हुई थी और बाद में उसने उन्हें शादी का प्रस्ताव दिया।

वकील ने दावा किया कि शादी से पहले अरबाब ने उन्नर को अपने रूप-रंग के बारे में गुमराह करने के लिए एआइ से बनी और डिजिटल रूप से बदली हुई तस्वीरों का इस्तेमाल किया था।

इसके बाद दोनों ने गवाहों की मौजूदगी में वीडियो कॉल के जरिए शादी की, जिसमें 1,00,000 पाकिस्तानी रुपये का मेहर तय हुआ था, जो अरबाब को पहले ही दिया जा चुका था। निकाह के बाद ही उन्नर अपनी पत्नी से मिलने गए।

वकील ने बताया कि उसका चेहरा देखकर उन्हें सदमा लगा और हैरानी हुई। वकील ने कहा, “मेरे क्लाइंट को जब पता चला कि उनके साथ धोखा हुआ है, तो उन्होंने तुरंत अपनी शादी खत्म कर ली और तलाक ले लिया।” सेशन कोर्ट ने दोनों पक्षों को 17 अगस्त तक अपने जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।

Latest Posts

Don't Miss