CG News: विभाग की लापरवाही से गांव में घुसा नहर का पानी, प्रशासन से तत्काल राहत की मांग
CG News: अभनपुर। भीषण गर्मी में ग्राम कुर्रा में बाढ़ के हालात बन गए हैं। यह हालात बारिश से नहीं विभाग की लापरवाही के चलते बनी है। तालाब भरने के लिए नहरों को छोड़ा गया पानी ओवरफ्लो होकर पूरे गांव में घुस गया है और इन दिनों गांव का मुसीबत बन गया है। जानकारी के अनुसार कुर्रा चौक के पास नहर को नगर पालिका गोबरा नवापारा के शीतला तालाब में जल भराव के लिए रोक दिया गया। इससे पानी ओवरफ्लो होकर गांव के कई हिस्सों में घुस गया है। सबसे ज्यादा नुकसान प्राथमिक शाला को हुआ है। स्कूल परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है। ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति करने वाला कुआं है।

CG News: नहर का गंदा पानी कुएं में भर गया, बीमारियां फैलने की आशंका
नहर का गंदा पानी कुएं में भर गया है। इससे गांव में दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। ग्रामीणों को डर है कि गंदा पानी पीने से डायरिया, पीलिया जैसी बीमारियां फैल सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि हर साल गर्मी में तालाब भरने के लिए नहर में पानी छोड़ा जाता है, लेकिन निकासी की व्यवस्था न होने से पानी ओवरफ्लों होकर गांव में भर जाता है। अभी कई घरों में भी पानी घुस गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पालिका द्वारा नहर को रोके जाने के कारण यह स्थिति निर्मित हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नहर का पानी डायवर्ट करने और स्कूल-कुएं से पानी निकासी की मांग की है। साथ ही पेयजल के वैकल्पिक इंतजाम करने की गुहार लगाई है।



