समीक्षा बैठक- सुशासन तिहार और नवीन आपराधिक कानून पर ही विशेष चर्चा
रायपुर (संवाद साधना )। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा ने रविवार को सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन के सभाकक्ष में रायपुर जिले के पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार की प्रगति की समीक्षा की गई। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों नवीन आपराधिक कानूनों का पालन, बेहतर यातायात व्यवस्था और जनउन्मुखी पुलिसिंग पर विस्तार से चर्चा की गई।
लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण के निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक श्री मिश्रा ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित अपराध प्रकरणों का शीघ्र चालान प्रस्तुत कर जीरो पेंडेंसी की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत विवेचना करते हुए 60/90 दिवस में चालान पेश करने की अनिवार्यता पर बल दिया।
गांवों में पुलिस मित्र बनाने के निर्देश
सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए सभी ग्राम पंचायतों और ग्रामों में पुलिस मित्र बनाए जाने की पहल की जाएगी, जिससे जनसंपर्क और समन्वय बेहतर हो सके।
चलाए अभियान
आगामी दिनों में रायपुर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए नवीन उपायों को लागू करने की बात कही गई। विशेष रूप सेइ ड्रंक एंड ड्राइव, तेज गति से वाहन चलाना, बिना हेलमेट, अवैध पार्किंग, के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, मालवाहक वाहनों के संचालन को लेकर सभी थाना प्रभारियों को स्थायी बैठकें आयोजित करने को कहा गया।
नशीले पदार्थों और अवैध शराब पर सख्ती
बैठक में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और नशीले पदार्थों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए। नारकोटिक एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत अधिकतम कार्रवाई कर शहर और गांवों में नशे के सामान की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।



