Latest Posts

शिवनाथ एक्सप्रेस में 65 लाख की चोरी, दो गिरफ्तार

– कोलकाता में बेचे थे हीरे के गहने, अलग-अलग खाते में जमा किए थे रुपए

रायपुर, (संवाद साधना)। शिवनाथ एक्सप्रेस में महिला यात्री के साथ हुई 65 लाख रुपए की चोरी के मामले में रेलवे पुलिस ने दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने हीरे के गहनों को कोलकाता में 11 लाख रुपए में बेचना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके खातों में जमा रकम और फर्जी दस्तावेज भी जब्त किए हैं। रेलवे एसपी श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने मामले का खुलासा किया।
प्रेस कान्फ्रेंस के दोरान एसपी ने बताया कि गोंदिया निवासी हिना पटेल (54) 4 अप्रैल को अपने पति के साथ शिवनाथ एक्सप्रेस से रायपुर आ रही थीं। यात्रा के दौरान राजनांदगांव से दुर्ग के बीच उनका पर्स चोरी हो गया, जिसमें दो हीरे के हार, चार अंगूठियां, एक जोड़ी झुमके और 45 हजार रुपए नकद थे। चोरी की कुल राशि लगभग 65 लाख रुपए आंकी गई। रेलवे पुलिस ने हिना पटेल की शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान गोंदिया से भाटापारा तक विभिन्न स्टेशनों का टॉवर डंप और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में संदिग्धों के मोबाइल नंबर की पहचान कर उनकी लोकेशन ट्रैक की गई। पुलिस ने संतोष साथ और अब्दुल मन्नान नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उन्होंने चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि हीरे का हार कोलकाता में 11 लाख रुपए में बेचा गया। यह रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा की गई थी, जिसमें एक आरोपी के भाई के खाते में 3.46 लाख, एक दोस्त के खाते में लगभग 2.75 लाख और स्वयं के खाते में करीब 4.96 लाख रुपए पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकद 20 हजार रुपए और आरोपी अब्दुल मन्नान के पास से सुरेश मिश्रा नाम से बना फर्जी आधार कार्ड भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। संभावना है कि ये आरोपी अन्य चोरी के मामलों में भी शामिल हो सकते हैं, जिसकी जांच की जा रही है।

Latest Posts

Don't Miss