Latest Posts

राजधानी पुलिस की अनोखी पहल, भीषण गर्मी में राहगीरों को पिलाएगी ठंडा पानी

– 6 जगहों पर यातायात पुलिस ने खोले शीतल पेयजल केंद्र

रायपुर। राजधानी में इस बार भीषण गर्मी के कारण लोगों को राहत देने के लिए यातायात पुलिस ने एक अनोखी और सराहनीय पहल की है। यातायात पुलिस ने शहर के छह प्रमुख स्थानों पर शीतल पेयजल केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों पर आम जनता को ठंडा पानी मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे गर्मी की तेज तपिश से बच सके। शीतल पेयजल केंद्रों का सोमवार को टाटीबंध यातायात थाना परिसर में थाना प्रभारी भुवनेश्वर साहू ने विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि यातायात पुलिस हमेशा से ही आमजन को बेहतर सुविधा देने और उनकी भलाई के लिए प्रयासरत है।
इन स्थानों पर पेजजल केंद्र स्थापित
इन शीतल पेयजल केंद्रों की स्थापना भाटागांव बस स्टैंड, पंडरी, भनपुरी, तेलीबांधा, टाटीबंध सहित कुल 6 प्रमुख स्थानों पर की गई है। यहां यात्रियों और राहगीरों को मुफ्त ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे गर्मी की भीषणता से राहत पा सकें। नगर के लोग इस पहल का खुले दिल से स्वागत कर रहे हैं और यातायात पुलिस के इस कदम के लिए उनका आभार व्यक्त कर रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि इस गर्मी में ठंडा पानी पीकर उन्हें काफी आराम मिल रहा है और यह कदम उनके लिए वरदान साबित हुआ है।
गर्मी को देखते दी राहत, यातयात पुलिसकर्मियों को भी बांटे थे सामान
इस वर्ष राजधानी रायपुर में भीषण गर्मी का प्रकोप महसूस किया जा रहा है, जहां दैनिक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस ने यह शीतल पेयजल केंद्र स्थापित किए हैं, ताकि शहरवासियों को गर्मी से बचाने में मदद मिल सके। इसके अतिरिक्त, हाल ही में यातायात पुलिस ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को भी ठंडा पानी, इलेक्ट्रोलाइट पाउडर और छतरियां वितरित की हैं, ताकि वे गर्मी में राहत पा सकें और अपनी ड्यूटी प्रभावी ढंग से निभा सकें। यातायात पुलिस का यह कदम न केवल गर्मी से राहत देने वाला है, बल्कि यह शहर के प्रति उनकी सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव का भी परिचायक है।

Latest Posts

Don't Miss