अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही से हो सकते हैं बड़े हादसे, मेंटेनेंस व रखरखाव पर ध्यान नहीं
रायपुर। राजधानी में सोमवार दोपहर आई आंधी ने शहर के निगम के विद्युत विभाग के कामों की पोल खोल दी। जीई रोड स्थित आमानाका फ्लाईओवर पर लगे विद्युत विभाग के तीन पोल गिर गए, हालांकि बड़ा हादसा नहीं हुआ। अधिकारियों के लापरवाही से बड़ हादसा हो सकता था। यहीं नहीं विद्युत पोलों में विज्ञापन के लिए फ्लैक्स भी लगाए गए हैं उसे भी निगम के अधिकारी व कर्मचारी नहीं हटा पा रहे हैं। इससे भी हादसे हो सकते हंै।
सोमवार दोपहर को 40-50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी आई। इसके कारण फ्लाईओवर पर लगे तीन बिजली के खंभे सडक़ पर गिरे गए। इस हादसे में किसी तरह की जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन राहगीर और वाहन चालक बाल-बाल बचे। खंभे गिरने से कुछ देर के लिए सडक़ पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन उस वक्त फ्लाईओवर से गुजर रहे थे। हादसे के तुरंत बाद ट्रैफिक ठप हो गया। सूचना मिलने पर सरस्वती नगर पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और खंभों को हटाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बिजली खंभे पहले से ही झुके हुए और जंग लगे हुए थे, जो उनके कमजोर होने का संकेत दे रहे थे। इस घटना ने निगम और प्रशासन के सामने बारिश पूर्व तैयारियों की एक नई चुनौती खड़ी कर दी है। निगम आयुक्त ने पहले से जारी निर्देशों के तहत बारिश पहले शहर में लगे बड़े-बड़े होर्डिंग्स और उनके स्ट्रक्चर की मजबूती की जांच की जा रही थी। अब प्रशासन पर यह दबाव बढ़ गया है कि वह न सिर्फ होर्डिंग्स, बल्कि पुराने और जर्जर बिजली खंभों की भी तत्काल जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करे।