चुनाव प्रचार में सरायपाली पहुंचे दीपक बैज
महासमुंद। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर लगातार तीसरे दिन सरायपाली, रायगढ़ और पत्थलगांव दौरे पर निकले छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज आज सरायपाली पहुंचे। यहां उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी वृंदा भोई के लिए चुनाव प्रचार में शामिल हुए। बैज ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं जीत के लिए कमर कसकर अपने अपने काम को करने जोश भरा। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने मीडिया से बातचीत में कहा भाजपा सरकार एक साल में शहर विकास के लिए कुछ नहीं किया। आज पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है, और सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है, और अपनी नाकामियों को छुपाने कांग्रेस पर आरोप लगा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस प्रत्याशियों को डरा धमका रहे हैं। प्रत्याशियों की खरीदी फरोख्त कर रहे हैं, फार्म निरस्त कराना, नामांकन से रोकने का प्रयास करना, हर तरह के हत्थकंडे अपना रहीं हैं। इससे साफ झलकता है कि, भाजपा मानसिक रूप से चुनाव हार चुकी है। एक साल में ही भाजपा की डबल इंजन की सरकार वेंटिलेटर पर जा चुकी है। वहीं बसना नगर पंचायत में भाजपा के निर्विरोध निर्वाचित होने के सवाल पर बैज ने कहा बसना में बहुत ही बड़ी डील हुआ है उसका खुलासा किया जाएगा। थोड़ा इंतजार कीजिए इसका खुलासा पूरा प्रदेश देखेंगी। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर और सरायपाली विधायक चातुरी नंद भी मौजूद रहीं।



