Latest Posts

चार चोरियों के आरोप में 2 गिरफ्तार, चोरी का सामान भी बरामद

अंतर्राज्यीय आरोपी चोरी से पहले करते थे रेकी

महासमुंद। जिले में काफी दिनों से सक्रिय चोर गिरोह को पिथौरा पुलिस ने पकड़ा है। दो अंतर्राज्यीय आरोपियों की गिरफ्तारी से न केवल पिथौरा थानांतर्गत सोने, चांदी के आभूषण के चोरी का मामला सामने आया बल्कि कोतवाली थानांतर्गत रमनटोला और सांकरा में चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों से सोने, चांदी के आभूषण सहित नकदी 9.11 लाख रुपए और चोरी में प्रयुक्त बाइक जब्त किया है।  
एएसपी प्रतिभा पाण्डेय ने कोतवाली, सांकरा व पिथौरा क्षेत्रातंर्गत हुई चार चोरियों के मामले का खुलासा करते हुए पत्रकारों को बताया कि वार्ड 6 पिथौरा निवासी जिशान अहमद ने 15 दिसंबर को दिनदहाडेÞ घर का ताला तोड़कर कर सोने चांदी के गहने सहित नकद कुल कीमत 70 हजार रुपए चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसी दिन शाम करीब साढ़े छह बजे पिथौरा निवासी श्रवण निषाद ने घर से सोने-चांदी के आभूषण कुल 55 हजार की चोरी का मामला दर्ज कराया था।  इसी तरह 14 दिसंबर को सांकरा निवासी सुभाष कोटक ने 50 हजार रुपए नकदी चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इससे पूर्व कोतवाली थानांतर्गत रमनटोला निवासी विजय वर्मा ने 12 दिसंबर की सुबह 10 से दोपहर 2 के मध्य घर से सोने-चांदी के आभूषण (कीमत 3 लाख रुपए) चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
एएसपी ने बताया कि उक्त चोरियों के मामले की पतासाजी के लिए चार टीमों का गठन किया गया था। इसी दौरान पिथौरा की टीम ने सीसीटीवी फुटेज में दो संदेही देख मुखबीरों को सक्रिय किया। मुखबिर से सूचना मिली कि सीसीटीवी में कैद दोनों व्यक्ति खल्लारी में रूके हैं। सूचना पर उक्त दोनों व्यक्तियों को पकड़ाया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम-पता ग्राम चुटकीपुरा, थाना गुनहा, जिला भोपाल मध्यप्रदेश निवासी गुप्ता जी पारधी (33) और वार्ड 15 सिवनी मालवा जिला होशंगाबाद मध्यप्रदेश निवासी अली कुमार राठौर (23) बताया। हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपियों ने पिथौरा, सांकरा और महासमुंद कुल चार जगह चोरी करना स्वीकार किया।
जिले में घूम-घूमकर कर रहे थे चोरी
एएसपी श्रीमती पांडेय ने बताया कि उक्त आरोपी जिले में अलग-अलग स्थानों में घूमकर पहले रेकी कर फिर चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों से एक नग सोने का मंगल सूत्र, 2 नग सोने का रानी हार, 5 नग लटकन, 2 नग सोने का कंगन, 1 नग सोने की माला,3 नग सोने की अंगूठी, 1 जोड़ी सोने का झुमका, 1 नग सोने का लॉकेट, 1 नग चांदी की करधन, 07 जोड़ी चांदी की पायल, 1 नग चांदी की बाजूबंद, 8 नग चांदी की बिछिया, 1 नग चांदी की ब्रेसलेट, 1 नग चांदी की सिक्का, 1 नग चांदी की अंगूठी सहित साढ़े चार हजार नकद कुल (कीमत 9 लाख 11 हजार 500 रुपए) सहित 90 हजार की बाइक बरामद की है।  

Latest Posts

Don't Miss