Latest Posts

चोरियां रोकने में फिसड्डी साबित हो रही महासमुंद पुलिस

रमनटोला के सूने मकान से फिर लाखों के जेवर पार

महासमुंद। शहर में लगातार हो रही चोरियों को रोकने में पुलिस नाकाम हो रही है। पुलिस नाकामयाबी की इस कड़ी में शहर में एक और चोरी का मामला जुड़ गया है। पिछले 12 दिसंबर को रमन टोला में दिन दहाड़े हुई सोने-चांदी के आभूषण सहित नकद कुल 3 लाख की चोरी के मामले में पुलिस चोरों को पकड़ भी नहीं पाई थी कि 20 दिसंबर की रात इसी इलाके में अज्ञात चोरों ने फिर एक बार चोरी की घटना को अंजाम दिया और सूने मकान से सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान लगभग डेढ़ लाख रुपए चोरी कर ले गए। केवल शहर ही नहीं, जिलेभर में चोरी की घटना लगातार बढ़ रही है। जिससे पुलिस की सक्रियता पर तो सवाल उठ ही रहे हैं जिलेवासी चोरी की घटनाओं से दहशत में हैं।
जानकारी के अनुसार रमनटोला निवासी व महिला बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षक प्रियंका सिंह का परिवार कृषि कार्य के लिए 18 दिसंबर को पैतृक ग्राम बड़गांव गया था। खाना बनाने वाली यशोदा साहू सुबह-शाम घर की देखरेख कर चली जाती थी। 21 दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे यशोदा साहू ने बैठक कमरे का ताला टूटा हुआ पाया। जिसकी जानकारी उन्होंने घर मालकिन प्रियंका को दी। बाद प्रियंका और उनके पति मोंटी राजपूत घर पहुंचे। सामानों की जांच की तो बेडरूम से लैपटाप कीमत 20 हजार रुपए, 1 नग मोबाइल कीमत 5 हजार रुपए तथा आलमारी के लॉकर से चार नग सोने की अंगूठी, एक नग सोने की कान की बाली, एक नग नाक की बाली एवं दो नग टॉप्स, एक नग सोने की मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, चार नग चांदी का सिक्का अनुमानित कीमत करीब 1.25 लाख रुपए कुल 1.50 लाख रुपए गायब थे। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर अज्ञात के खिलाफ धारा 305 (ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
10 दिनों बाद भी पुलिस के हाथ खाली
 रमनटोला सामुदायिक भवन के पास बिजली विभाग के लाइन मेन विजय कुमार वर्मा का परिवार सरायपाली गया था। 12 दिसंबर की सुबह विजय आफिस चले गए। दोपहर करीब 2 बजे खाना खाने के लिए घर पहुंचे तो दरवाजे की कुंडी टूटी थी, अंदर से लॉक था, पीछे का दरवाजा खुला हुआ था, घर में सामान बिखरा पड़ा था, आलमारी से 4 नग फुल्ली (सोना) 2 ग्राम, 2 सेट रानी हार(सोना) लगभग साढ़े 5 तोला, 2 जोड़ी झुमका (सोना) लगभग 4 तोला , 1 जोड़ी बाली (सोना) 01 ग्राम, 2 जोड़ी चूड़ी चांदी की 01 तोला, 4 जोड़ी पायल चांदी की लगभग 48 तोला ,3 नग सोने की चैन 4 तोला,5 जोड़ी बिछिया चांदी 02 तोला,चांदी की चैन 01 तोला, चांदी का लॉकेट 01 तोला,चांदी का चम्मच 03 तोला, गोलदाना 02 नग सोने का 01 ग्राम, कान की टाप्स सोने का 08 ग्राम, सोने चांदी जेवरात कीमती करीब 2.75 लाख रुपए व नकद 25 हजार रुपए गायब था। पुलिस मामले में चोर को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
मंदिर से 25 हजार की चोरी
बागबाहरा थाना अंतर्गत शनिवार रात लालपुर वार्ड 7 स्थित लालपुरेश्वर शिव मंदिर में अज्ञात ने दरवाजे का ताला तोड़कर दान पेटी पार कर दी। जिसमें 20-25 हजार रुपए संग्रहित होने का अनुमान है। पुलिस ने पतासाजी शुरू कर दी है। वहीं रविवार रात पीपल झाड़ के नीचे स्थित एक मंदिर का दरवाजा खोलकर अज्ञात ने सामान इधर-उधर बिखेर दिया।

Latest Posts

Don't Miss