महासमुंद (संवाद साधना)। श्मशान घाट के लिए आरक्षित भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग को लेकर आज खैरझिटी के सैकड़ों ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा और अवैध कब्जा जल्द से जल्द हटाने की मांग की।
ग्रामीणों ने कहा कि खैरझिटी के खसरा नं. 261 (रकबा 1.08), 263 (रकबा 0.003), 275 (रकबा 0.10) शासकीय भूमि में बुधवंतिन पिता झुमुकलाल, इंद्रमन, छन्नूलाल, मन्नूलाल, पिता धनीराम, जैलसिंग पिता पतिराम ग्राम पंचायत कुकराडीह निवासी व शालोम मार्रिन हेमिटन खैरझिटी आदि ने शासकीय भूमि में अवैध कब्जा किया है। उक्त भूमि श्मशान घाट के लिए पहले से आरक्षित है। लेकिन उक्त लोगों ने गुंडागर्दी से श्मशान घाट पर कब्जा कर लिया है जिससे गांववालों को शव दफन करने में दिक्कतें हो रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत ने कई बार नोटिस भेजा और कोटवार ने नोटिस तामिल कराकर नायब तहसीलदार तुमगांव को कब्जा हटवाने ग्राम पंचायत ने आवेदन दिया बावजूद आज तक कब्जा नहीं हटाया गया है।
शव यात्रा निकालने की थी तैयारी
श्मशान घाट के लिए आरक्षित भूमि से कब्जा हटाने की मांग को लेकर आज महिला, पुरुष और युवा ग्रामवासी शामिल थे। ग्रामीण तुमगांव ओवरब्रिज पर इकट्ठा हुए जहाँ से वे सांकेतिक शव यात्रा निकालकर कलेक्टोरेट जाने की तैयारी में थे। जैसे ही पुलिस व प्रशासन को इसकी जानकारी हुई वहाँ एसडीओपी अजयशंकर त्रिपाठी और नायब तहसीलदार मोहित अमिना ने उन्हें समझाइश दी, पर ग्रामीण सांकेतिक शव यात्रा निकालने पर अड़े रहे। नायब तहसीलदार ने कहा कि बुधवार को भूमि का सीमांकन किया जाएगा। यदि भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया तो उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने शव न निकालकर पैदल रैली निकालकर कलेक्टोरेट पहुंच ज्ञापन सौंपा।



