Latest Posts

नमीमापक मशीन ठीक से काम नहीं कर रही, तौल में डण्डी मारी जा रही

खरीदी केंद्र पहुंचे पूर्व विधायक द्वय जायसवाल और चंद्राकर को किसानों ने बताई समस्याएं  

महासमुंद। प्रदेश में कांग्रेस द्वारा ‘धान खरीदी केन्द्र चलो अभियान’ अंतर्गत आज मनेन्द्रगढ़ के पूर्व विधायक विनय जायसवाल और पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर बिरकोनी, तुमगांव, पटेवा और झलप धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर धान बेचने पहुंचे किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं से रू-ब-रू हुए।
धान बेचने पहुंचे बिरकोनी के किसान रामाधर यादव, रामशरण साहू, रमेश कुमार, गणेशराम साहू, हरिश्चंद्र यादव, टेमन चंद्राकर, यशवंत चंद्राकर ने कहा कि यहाँ धान की नमी नापने वाली दो मशीनें है, पर दोनों मशीन एक ही धान के लाट को अलग- अलग नमी बताता है। जिससे किसान परेशान हैं। जिससे कई किसानों को अपना धान वापस ले जाना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि एक बोरे का वजन 540 से 560 ग्राम तक है पर धान की तौलाई में बोरे का वजन 750 ग्राम बताकर धान तौला जा रहा है जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। इसके अलावा मिलर्स से जो बारदाने आए हैं उसमें बहुत से बारदाने खराब हैं।
किसानों ने कहा कि धान कटाई जोरों पर है। केन्द्र से धान का उठाव शुरू नहीं हुआ है। इधर, किसान लगातार धान लेकर केन्द्र पहुंच रहे हैं, यदि जल्द ही उठाव शुरू नहीं हुआ तो धान जाम होने से खरीदी प्रभावित होगी। हर रोज 1611 कट्टा धान लिया जा रहा है। अभी दो दिन का धान केन्द्र में पड़ा है जिसकी तौलाई नहीं हो पाई है । इसलिए धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की जरूरत है नहीं तो बहुत से किसान निर्धारित अवधि में धान नहीं बेच पाएंगें।
ठगा महसूस कर रहे हैं किसान : जायसवाल
मनेंद्रगढ़ के पूर्व विधायक विनय जायसवाल ने कहा कि हम खरीदी केन्द्र पहुंचकर प्रदेश के अन्नदाताओं की स्थिति जानने पहुंचे हैं। भाजपा सरकार 15 दिन विलंब से धान खरीदी कर रही है। केन्द्रों में मास्टर मशीन में तकनीकी खामी, खराब बारदाने, समय से खरीदी नहीं होना जैसी कई कमियां देखने को मिली है। वर्तमान सरकार में राइस मिलर परेशान हैं, किसान परेशान हंै। बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई भाजपा किसानों से किए वादे पर खरा नहीं उतर रही है। 3100 रुपए प्रति क्विंटल एकमुश्त राशि देने का वादा था पर अब किसानों के खाते में मात्र 2300 रुपए आ रहा है। जिससे किसान खुद को ठगा सा महसूस कर रहा है।
किसानों के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे : विनोद
पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि धान खरीदी शुरू होने के 15 दिन बाद भी पूरे प्रदेश में लगभग चार लाख किसान ही अपना धान बेच पाए हैं। जबकि इस साल धान बेचने के लिए 27 लाख से ज्यादा किसान पंजीकृत हैं। इस स्थिति में 160 लाख टन का लक्ष्य सरकार इतने कम समय में पूरा करेगी, इस पर संशय है। इसके अलावा किसानों को धान बेचने के लिए समितियों में टोकन भी नहीं मिल रहा है। किसानों से 130 से 150 ग्राम अधिक लिया जा रहा है। बारदाने की कमी है। वादे के अनुसार एकमुश्त तो छोड़िए, कम राशि किसानों को दी जा रही है। हम किसानों के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
आज से धान खरीदी केंद्र चलो अभियान
बता दें कि प्रदेश सरकार द्वारा धान खरीदी में अव्यवस्था तथा किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर आज 3 दिसंबर से पूरे प्रदेश में कांग्रेस ने धान खरीदी केंद्र चलो अभियान प्रारंभ की है। जिसके तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने जिलेवार प्रभारियों की नियुिक्त की है। श्री बैज ने महासमुंद जिले के लिए पूर्व संसदीय सचिव विनोद सेवन लाल चंद्राकर, बसना के पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद तथा विनय जायसवाल को प्रभारी बनाया है। इसी के तहत आज पूर्व विधायक विनय जायसवाल और पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर सबसे पहले धान खरीदी केन्द्र बिरकोनी पहुंचे थे। यहाँ उन्होंने किसानों से बात की। केन्द्र में आज बिरकोनी गांव के किसान धान लेकर पहुंचे थे।

Latest Posts

Don't Miss