महासमुंद। लंबे समय से लंबित प्रोत्साहन राशि भुगतान न होने के कारण 16 सितंबर से स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को समस्त आनलाइन कार्य बंद करने की चेतावनी दी है।
संघ के जिलाध्यक्ष विनय कुमार प्रधान ने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से सिकलसेल आॅनलाइन एंट्री का भुगतान, आयुष्मान कार्ड बनाने की राशि, आरसीएच एंट्री करने पर प्रति माह 300 की राशि, राष्ट्रीय कार्यक्रम पल्स पोलियो की मानदेय राशि, एनएसवी, कॉपर-टी जैसे की कार्यक्रमों की लंबित प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने कहा गया था। बावजूद आज तक वह लंबित है। अधिकारी द्वारा किसी भी प्रकार से भुगतान को लेकर कोई पहल नहीं की गयी है। इस संबध में बात करने पर बजट न होने का हवाला दिया जा रहा है। जिससे जिले में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मचारी आक्रोशित हैं। उन्होंने बताया कि उक्त सभी कार्यक्रमों की आनलाइन एंट्री 80 से 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। जिले में आर एच ओ 450 एवं सी एच ओ के 250 कर्मचारी हैं जो भुगतान न होने से आक्रोशित हैं। श्री प्रधान ने कहा कि सप्ताहभर में भुगतान न होने पर 16 सितंबर से समस्त आॅनलाइन कार्य बंद करने विवश होंगे।



