कोरबा। घरेलू विवाद में पत्नी को टांगी से सिर में मारने और आवाज सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग महिला को भी नहीं छोडऩे के मामले में पुलिस ने आरोपी पर हत्या की कोशिश का अपराध दर्ज किया है। उसकी पतासाजी कर रही है। घटना पाली थानांतर्गत ग्राम केराझरिया की है। गांव में रहने वाला राजधन चौहान अपनी पत्नी नंदिनी चौहान से किसी बात का लेकर झगड़ा कर रहा था। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि राजधन ने टांगी से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाली बुजुर्ग महिला शिव कुमारी वहां पहुंचकर नंदिनी को बचाने की कोशिश की। राजधन ने शिव कुमारी से भी झगड़ा किया और उस पर भी टांगी से हमला कर दिया। यह देखकर गांव में रहने वाला अर्जी दास भी घटना स्थल पर पहुंचा। उसने राजधन को पकड़ लिया। दोनों महिलाओं को बचा लिया। तब तक दोनों के सिर से खून बहने लगा था। दोनों को पाली के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनका इलाज जारी है। घायलों की रिपोर्ट पर पुलिस ने राजधन पर नंदिनी और शिव कुमारी की हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस मामला दर्ज कर पतासाजी कर रही है।



