
कोरबा। लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रशासनिक फेरबदल जारी है। आज प्रदेश के 24 जनपद सीईओ को ईधर से उधर किया गया। शासन बदलते ही आईएएस, आईपीएस, विभाग प्रमुखों का स्थानांतरण व्यवस्था में कसावट लाने के लिए किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज 24 जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों का स्थानांतरण आदेश जारी किया गया है, जिसमें कोरबा जिले के करतला एवं पाली जनपद सीईओ भी प्रभावित हुए हैं। जनपद सीईओ करतला एम.एस. नागेश एवं पाली जनपद सीईओ भूपेंद्र सोनवानी बलरामपुर जिला स्थानांतरित किए गए हैं। एम.एस. नागेश को वाड्रफनगर के जनपद सीईओ बनाया गया है, वहीं भूपेंद्र सोनवानी शंकरगढ़ जनपद सीईओ होंगे। सूरजपुर जिले के रामानुजगंज में सेवाएं दे रहे जनपद सीईओ संजय कुमार राय जनपद सीईओ करतला के पद पर सेवाएं देंगे। जनपद सीईओ लैलूंगा के पद पर सेवाएं दे रहे जनपद सीईओ प्रेमसिंह मरकाम जनपद पंचायत पाली के नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी होंगे। माना जा रहा हैं कि दोनों जनपद सीईओ कि नई पदस्थापना से प्रशासनिक व्यवस्था और सुदृढ होगी, जन शिकायतें समय पर निराकृत होंगी। 00मरकाम की कार्यशैली को आज भी याद करते हैं लोग00 प्रेमसिंह मरकाम कोरबा जिले की जनपद पंचायत पाली एवं जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में अपनी सेवाएं वर्षों तक देते रहे। श्री मरकाम एक ऐसे अधिकारी हैं, जिनके कार्यकाल में कभी विवाद की स्थिति पैदा नहीं हुई और वे निर्विवाद छवि के अधिकारी के रूप में जाने जाते रहे हैं। काम में कसावट लाने के साथ- साथ वे जनप्रतिनिधियों और आमजनता का सम्मान करते थे। वे एक लोकप्रिय अधिकारी के रूप में लब्ध प्रतिष्ठित थे।



