आरंग के एक ढाबा संचालक समेत चार गिरफ्तार
महासमुंद। पूर्व कर्मचारी से मारपीट कर उसका अपहरण कर जबरिया काम पर रखने के मामले में पुलिस ने आरंग के ढाबा संचालक सहित चार लोगों के खिलाफ धारा 365, 294, 323, 506 और 34 के तहत गिरफ्तार किया है।
कोतवाली प्रभारी मोनिका श्याम ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे आरंग के लवली ढाबा का मालिक प्रशांत निभवानी (31) उसका दोस्त अमन बांधे (22), मनीष यादव (20) और सागर साहू (24) कार क्रमांक सीजी 04 एनपी 3429 कोसरंगी के अम्मन ढाबा पहुंचे और वहां कार्यरत खाना बनाने वाले वीरेंद्र पटेल (35) के साथ जमकर मारपीट की और उसे गाड़ी की डिक्की में बंद कर आरंग ले गए। इस बीच सभी ने बेलसोंडा में भी वीरेंद्र के साथ जमकर मारपीट की। घटना के बाद रात में ही अम्मन ढाबा के संचालक प्रदीप साहू ने कोतवाली पुलिस और 112 को इसकी सूचना दी। जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना हुई पुलिस टीम आरंग के लवली ढाबा पहुुंचकर कार की डिक्की में बंद वीरेंद्र को छुड़वाया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी मोनिका श्याम ने बताया कि वीरेंद्र के अनुसार वह कोसरंगी के अम्मन ढाबा के पहले आरंग के लवली ढाबा में खाना बनाने का काम करता था। जहां से उसने कुछ माह पूर्व ही काम छोड़ दिया था। बाद लवली ढाबा में खाना बनाने वाले कर्मचारी की कमी के चलते ढाबा मालिक ने अपने दोस्तों के साथ वीरेंद्र से मार पीटकर उसे वापस काम पर लाने का दबाव बना रहे थे।



