Friday, June 27, 2025

Latest Posts

भाजपा के खिलाफ 212 बिंदुओं में कांग्रेस ने जारी किया आरोप पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने शुक्रवार को भाजपा के खिलाफ 212 बिन्दुओं में आरोप पत्र जारी कर दिया। इसे कांग्रेस भाजपा का काला चिठ्ठा नाम दिया है। इसमें केंद्र की मोदी सरकार के साथ ही प्रदेश की पूर्व में रही रमन सरकार पर भी कांग्रेस ने निशाना साधा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, हम भाजपा का काला चिट्ठा जारी कर रहे हैं। भाजपा की ओर से भी शनिवार को भूपेश सरकार के खिलाफ गृहमंत्री अमित शाह आरोप पत्र जारी करेंगे। रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी की ओर से जारी किए गए इस काले चिठ्ठे में केंद्र की मोदी सरकार पर कुशासन का आरोप लगाया है। उनके फैसलों को जन विरोधी बताते हुए इसकी लिस्ट भी उसमें दी गई है। इसके अलावा प्रदेश में रमन सिंह के कार्यकाल में घोटाले और शोषण का आरोप लगाया है। कांग्रेस की ओर भाजपा को किसान और आदिवासी विरोधी बताया गया है।

भाजपा का चरित्र दलित, आदिवासी विरोधी

छत्तीसगढ़ पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा पर आदिवासी और दलित विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, भाजपा ने आरक्षण विधेयक को षड्यंत्र पूर्वक राजभवन में रुकवा कर रखा है। भाजपा के शासनकाल में नक्सलवाद चरम पर रहा। महिलाओं पर खूब अत्याचार हुए, आदिवासियों की जमीनें हड़पी गईं, उनका विस्थापन हुआ। आरोप लगाया कि पेसा कानून पर कोई काम नहीं हुआ।

भाजपा कल जारी करेगी आरोप पत्र

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करेंगे। बीजेपी के आरोप पत्र में केंद्र सरकार की जिन योजनाओं का प्रदेश में सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हुआ, उन्हें बड़ा मुद्दा बना रही है। इसमें पीएम आवास, आयुष्मान कार्ड जैसी कई योजनाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा भ्रष्टाचार भी बड़ा मुद्दा होगा। कोल घोटाले, शराब, सट्टे की कार्रवाई, पीएससी और व्यापमं भर्ती के आरोपों के सहारे कांग्रेस सरकार को घेरने की तैयारी है।

Latest Posts

Don't Miss