मात्र 30-60 रुपए यूजर चार्ज के लिए भी घुमाया जा रहा*
महासमुंद। पालिका के राजस्व कर्मियों का कर दाताओं से संपत्ति और समेकितकर वसूलने में जहाँ पसीना बहाना पड़ रहा है वहीं मिशन क्लीन सिटी के कर्मियों को भी कचरा कलेक्शन का मात्र 30-60 रुपए यूजर चार्ज के लिए भी पसीना बहाना पड़ रहा है। ऐसे में मिशन क्लीन सिटी कैसे संभव है ?
इस वित्तीय वर्ष में 9 माह के भीतर किए गए वसूली के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रति माह तीन लाख रुपए की वसूली के लिए निर्धारित लक्ष्य का 50 फीसदी भी कर्मी बड़ी मुश्किल से वसूल पाए हैं। मिशन क्लीन सिटी के कर्मी सुबह कचरा कलेक्शन के समय ही घरों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से यूजर चार्ज भुगतान की मांग करते हैं पर अधिकांश कर दाता उन्हें बाद में भुगतान करने की बात कहते हुए घुमाते रहते हैं। जिसके चलते शत-प्रतिशत वसूली तो दूर की बात है 50 फीसदी की भी वसूली नहीं हो पाती है।
*केंद्र से मिलने वाली राशि से चल रहा काम*
मिशन क्लीन सिटी द्वारा शहर में कचरा कलेक्शन का कार्य केंद्र सरकार से प्रति माह कर्मियों के मानदेय भुगतान और कलेक्शन के लिए चलने वाले वाहनों के डीजल-पेट्रोल के लिए मिलने वाली राशि से चल रहा है। इसके साथ कलेक्शन के समय कचरे के साथ मिलने वाले कबाड़ की बिक्री से मिलने वाली राशि भी इसमें खर्च की जा रही है। इसलिए अभी तक यह कार्य और इसमें कार्य करने वाले कर्मियों का मानदेय भुगतान प्रभावित नहीं हुआ है। यही कारण है कि कर्मियों ने किसी तरह का आंदोलन अभी तक नहीं किया है।
*यह हो रही दिक्कत*
कचरा कलेक्शन करने वाली कर्मियों का कहना है कि कचरा कलेक्शन के समय ही वे शुल्क की भी वसूली करते हैं। कई लोग नियमित रूप से प्रति माह भुगतान करते हैं और कई बाद में भुगतान करने की बात कहते हैं। अधिकांश घरों और दुकानों में यह समस्या सामने आती है। इसके चलते पूरी तरह से वसूली नहीं हो पाती और उन पर वसूली का बोझ बढ़ जाता है।
*यूजर वसूली के 10 माह के आंकड़े*
वर्ष यूजर चार्ज
अप्रैल 2022 70590
मई 2022 148635
जून 2022 140890
जुलाई 2022 128780
अगस्त 2022 41300
सितंबर 2022 219340
अक्टूबर 2022 84630
नवंबर 2022 149780
टोटल 983945
कचरा कलेक्शन के लिए नियमित रूप से शुल्क वसूलने के लिए कर्मी कर दाताओं के पास जाती हैं। पर कई लोग बाद में भुगतान करने की बात कहते हुए शुल्क जमा नहीं करते। इसलिए लक्ष्य के अनुसार वसूली नहीं हो पाती और कर को बकाया में रखा गया है।
-नीतू प्रधान, प्रभारी मिशन क्लीन सिटी महासमुंद
नगर पालिका परिषद महासमुंद