नागपुर में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां सैलरी नहीं मिलने से नाराज कर्मचारी ने मोबाइल फोन और विस्फोटक चुरा लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
महाराष्ट्र के नागपुर में बीते बुधवार को कोयला खदान में काम करने वाले एक शख्स को अरेस्ट किया गया। उसने कथित रूप से वर्कप्लेस से 3 मोबाइल फोन और 2 विस्फोटक चुराए थे। बता दें कि 35 साल के आरोपी राजेंद्र रामलाल विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया है कि उसने इस चोरी को सिर्फ इसलिए अंजाम दिया क्योंकि उसे उसके काम की मजदूरी नहीं मिली थी।
जान लें कि आरोपी राजेंद्र, छत्तीसगढ़ के बालोद का रहने वाला है। एक अफसर के मुताबिक, लकड़गंज पुलिस ने उसे आजमशाह चौक पर मोबाइल फोन बेचने की कोशिश करते समय पकड़ लिया। आरोपी राजेंद्र वरोरा स्थित डब्ल्यूसीएल की कोयला खदान में वर्कर था।
ठेकेदार ने मजदूरी नहीं दी तो चुराए मोबाइल और विस्फोटक
उसने पुलिस को बताया कि ठेकेदार ने उसको उसकी मजदूरी का पेमेंट नहीं किया था। इसी से नाराज होकर राजेंद्र ने ठेकेदार के 3 मोबाइल फोन चुरा लिए और खदान परिसर से 2 विस्फोटक भी लेकर फरार हो गया।
निष्क्रिय किए गए दोनों विस्फोटक
इसके बाद राजेंद्र इन विस्फोटकों को अपने साथ लेकर चंद्रपुर से नागपुर तक ट्रेन से गया। हालांकि, अब बम निरोधक एवं निपटान दस्ते ने विस्फोटक को निष्क्रिय कर दिया है। एटीएस की एक टीम ने भी लकड़गंज पुलिस स्टेशन का दौरा किया और केस से जुड़ी जानकारी जुटाई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया केस
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध BNS, शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में आगे की जांच जारी है। इससे पहले महाराष्ट्र के वाशिम से एक हैरान करने वाला मामला आया था जब साईं मंदिर में चोरी करने से पहले चोर ने बाबा के दर्शन किए थे। यह घटना CCTV में कैद हो गई थी।
मंदिर में दर्शन करने के बाद चोर ने की चोरी
इस मामले में चोर ने मंदिर का ताला तोड़ा था और फिर दानपेटी में रखे कैश पर हाथ साफ कर दिया था। मंदिर में लगे CCTV कैमरे में यह पूरी घटना कैद हो गई है। दिलचस्प यह था कि मंदिर की दानपेटी को तोड़ने से पहले चोर ने जल्दबाजी में साईं बाबा के दर्शन भी किए और फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।



