Latest Posts

एक स्वर्ण पदक सहित तीन पदक जीते अजिंक्या सिंह ने

कोरबा, जिले की होनहार तैराक अजिंक्या सिंह ने अपने हुनर का लोहा एक बार फिर मनवाया हैं। उन्होंने स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया (एसजीएफआई-2023-24) की अखिल भारतीय तैराकी स्पर्धा में एक स्वर्ण, एक रजत व एक कांस्य पदक जीतकर जिले का ही नहीं पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बूते उन्होंने नेशनल चैंपियन का तमगा हासिल किया। स्पर्धा की खास बात यह रही कि उनके प्रदर्शन ने वहां मौजूद खिलाड़ियों व निर्णायकों को भी हैरत में डाल दिया। अजिंक्या ने इससे पहले भी तैराकी की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उम्दा प्रदर्शन कर कोरबा व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित कर प्रदेश ही नहीं राष्ट्रीय स्तर की स्पधार्ओं में भी पदक जीते हैं। अजिंक्या स्विमिंग की अनेक विधा में पारंगत हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व तैराकी प्रशिक्षक को दिया है, जिनके बूते वे अपने स्विमिंग कॅरियर को ऊंचाई तक ले जाने संघर्ष के योग्य बन सकी। पूर्व में डीपीएस बाल्को में अध्ययनरत रही अजिंक्या वर्तमान में डीपीएस बिलासपुर में कक्षा 12वीं की छात्रा है। केएसके वर्धा पावर अकलतरा में एजीएम का कार्यभार संभाल रहे पिता सुशील सिंह व शिक्षिका सोनू सिंह की इकलौती पुत्री अजिंक्या पढ़ाई में भी हमेशा अव्वल रहती है। उसने बताया कि माता-पिता के सतत प्रोत्साहन का ही परिणाम है, जो उसे यह सफलता मिली। हर पैमाने पर अपनी प्रतिभा साबित करते हुए होनहार तैराक अजिंक्या ने कई राष्ट्रीय स्पर्धाओं में दम दिखा चुकी है।

Latest Posts

Don't Miss