Latest Posts

सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वाले 14 नागरिकों का सम्मान

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने दिए प्रशस्ति पत्र

जांजगीर-चांपा (संवाद साधना)। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की तत्काल मदद कर उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने और पुलिस के उल्लेखनीय कार्यों में सहयोग करने वाले 14 नागरिकों को जांजगीर-चांपा पुलिस ने सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार, 14 अगस्त को पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर परिसर में इन नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके मानवीय और सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के दौरान आम नागरिकों को घायलों की मदद के लिए आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि सड़क हादसे के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में बिना किसी देरी के मदद के लिए आगे आना और घायल को अस्पताल पहुंचाना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। एसपी ने सम्मानित नागरिकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में किसी जरूरतमंद की सहायता के लिए आगे आना समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच सहयोग से कानून व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण भी बेहतर होता है। सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी जांजगीर जयप्रकाश गुप्ता सहित पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सम्मानित किए गए नागरिकों में पवन कुमार यादव निवासी बुचीहरदी, संजय सोनी निवासी डोंगरी, रामगोपाल रात्रे निवासी डोंगरी, डब्बू अग्रवाल निवासी डोंगरी, भीम सिंह निवासी कोरबी, साहिल राज लहरे निवासी तालदेवरी, कमलेश्वर खूंटे निवासी तालदेवरी, दीपेंद्र साहू निवासी तालदेवरी, यशपाल चौबे निवासी बनाहील, शनि सूर्यवंशी निवासी पकरिया, महावीर बिछिया निवासी भीमा तालाब जांजगीर, खगेंद्र देवांगन आरती प्रिंटर्स जांजगीर, पारस साहू निवासी अकलतरा और गौतम बुद्ध यादव निवासी लछनपुर शामिल हैं। पुलिस की ओर से नागरिकों को सम्मानित किए जाने से यह संदेश भी दिया गया कि दुर्घटना या किसी संकट की स्थिति में पीड़ित की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी है। जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल को नागरिक सहभागिता और मानवीय पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Latest Posts

Don't Miss