Latest Posts

लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत से करें पढ़ाई : पांडेय

ग्राम कटघरी में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का एसपी ने किया शुभारंभ

जांजगीर-चांपा। शासकीय डॉक्टर इंद्रजीत सिंह महाविद्यालय के तत्वाधान में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कटघरी में बुधवार को सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना  शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक  विजय कुमार पाण्डेय  के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने शिविर में शामिल छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से सीधे संवाद कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और सुरक्षित समाज की स्थापना के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पाण्डेय ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एन एस एस केवल समाज सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से युवा समाज की समस्याओं को समझते हुए सामुदायिक कार्यों में सहभागिता निभाते हैं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करते हैं।उन्होंने युवाओं को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए नशे से दूर रहने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा पूरी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उनकी ऊर्जा और सकारात्मक सोच समाज में बड़े बदलाव का माध्यम बन सकती है। इसलिए प्रत्येक युवा को अपने जीवन में अनुशासन, अच्छे संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करनी चाहिए।पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से स्वयं जागरूक बनने के साथ अपने परिवार, मित्रों और गांव के लोगों को भी नशामुक्ति एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल दौर में साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता बेहद आवश्यक है। जागरूकता और सावधानी से अनेक ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनेंद्र मेहता, ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती फूल बाई नायक, प्रधान पाठक गोविंद नारायण देवांगन, विजय लक्ष्मी सिंह सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Latest Posts

Don't Miss