जांजगीर-चांपा (संवाद साधना)। पुरानी रंजिश और आपसी विवाद पर देर रात घर घुसकर एक युवक ने दूसरे युवक को चाकू से गोद डाला। हत्या की नियत से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों मे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया। गंभीर रुप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम तुस्मा का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिवरीनारयण थाना क्षेत्र के ग्राम तुस्मा में रहने वाला चींतामणी साहू गांव के ही हरीचरण साहू से रंजिश रखता था। मंगलवार की रात दोनों के बीच विवाद हो गया। देर रात 11 बजे चींतामणी ने घर घुस कर हरीचरण साहू पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हत्या की नियत से पेट और छाती पर कई वार कर चींतामणी मौके से भाग निकला। लहूलुहान हरीचरण को तत्काल शिवरीनारायण के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर घटना की सूचना पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। कुछ घंटों के अंदर ही पुलिस ने 19 वर्षीय चींतामणी साहू पिता कमल किशोर साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुरानी रंजिश और विवाद पर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपी चींतामणी साहू की निशानदेही पर घटना मे प्रयुक्त चाकू और पहने कपडे को बरामद किया गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 के तहत कार्यवाही कर आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।



