गंभीर रूप से झुलसी महिला का डीकेएस अस्पताल रायपुर में उपचार जारी
जांजगीर-चांपा। घरेलू विवाद के दौरान शराब के नशे में पत्नी पर तारपीन तेल डालकर आग लगाने के आरोप में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को 36 घंटे के भीतर रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसका उपचार रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में जारी है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर 2026 की है। आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव, पिता गणेशराम यादव, मूल निवासी करूमंहू, थाना अकलतरा क्षेत्र, पिछले चार वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पोड़ीभाठा वार्ड क्रमांक-1, अकलतरा में रह रहा था। आरोप है कि वह घरेलू विवाद के दौरान पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था।घटना के दिन विवाद के दौरान आरोपी ने घर में रंग-रोगन के लिए रखे तारपीन तेल को पत्नी के ऊपर डालकर माचिस से आग लगा दी। आग की लपटों से घिरी महिला जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए घर से बाहर निकली। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसियों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाई और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अकलतरा पहुंचाया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया। वहां से बाद में उसे डीकेएस अस्पताल रायपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने रायपुर में दी दबिशघटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।आरोपी के रायपुर में होने की सूचना मिलने पर अकलतरा पुलिस ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लालमणी यादव उर्फ मनीराम यादव के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 118(2) एवं 109 में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।आरोपी की गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कश्यप एवं आरक्षक शेषनारायण साहू का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के बाद फरार आरोपी को कम समय में गिरफ्तार कर लिया गया।



