14 किमी सड़क बदहाल, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
जांजगीर-चांपा। देवरी मोड़ से तनौद-भुईंगांव-खोरसी तक करीब 14 किलोमीटर लंबी
सड़क की जर्जर हालत से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन में भारी
परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो
गए हैं, जिससे बरसात के दिनों में दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। समस्या
को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों एवं सरपंचों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सड़क की
शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि सड़क खराब
होने से स्कूली छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों, मरीजों तथा आपातकालीन वाहनों को
आवागमन में दिक्कत हो रही है। दर्जनों ग्राम पंचायतों के ग्रामीण इस मार्ग पर
निर्भर हैं। बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव के कारण स्थिति और गंभीर हो
जाती है।ग्रामीणों के अनुसार सड़क मार्ग खराब होने के कारण तनौद स्थित
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हाईस्कूल एवं मिडिल स्कूल के
विद्यार्थियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की
मरम्मत के लिए पूर्व में भी जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग को आवेदन
दिया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।10 दिन का दिया अल्टीमेटम
ग्रामीणों और सरपंचों ने कलेक्टर से जनहित को देखते हुए सड़क की मरम्मत का
कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की है। आवेदन में चेतावनी दी गई है कि यदि
10 दिनों के भीतर मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो प्रभावित ग्राम पंचायतों
के सरपंच एवं ग्रामीण लोहरसी अथवा देवरी मोड़ में चक्काजाम/सड़क जाम करने
के लिए बाध्य होंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
आवेदन में तनौद, भुईंगांव, देवरी, कामरीद, खोखरी, पंडरिया खोरसी सहित
प्रभावित ग्राम पंचायतों के सरपंचों एवं ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। आवेदन की
प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), पामगढ़ तथा लोक निर्माण विभाग के
कार्यपालन अभियंता को भी दी गई है।



