वाशिंगटन (एजेंसी)। अमेरिका के अरबपति हेज फंड कारोबारी जान ओवरडेक और उनकी पत्नी लारा ओवरडेक का तलाक अब अरबों डॉलर की कानूनी लड़ाई में बदल गया है।
न्यू जर्सी की अदालत में चल रहे मामले में लारा ने पति की कंपनी टू सिग्मा इन्वेस्टमेंट्स में करीब 35% हिस्सेदारी का दावा किया है, जिसकी कीमत उनके वकील के मुताबिक 6.2 अरब डॉलर है।
टैक्स-फ्री सेटलमेंट का प्रस्ताव
न्यूयार्क पोस्ट के अनुसार, लारा के पक्ष का आरोप है कि तलाक की तैयारी जान ने वर्षों पहले शुरू कर दी थी और संपत्तियों को पत्नी की पहुंच से दूर रखने की कोशिश की गई।
दूसरी ओर, जान के वकील का कहना है कि कंपनी की नींव शादी से दो साल पहले, 2002 में ही रखी जा चुकी थी। इसलिए कंपनी में जान की हिस्सेदारी को वैवाहिक संपत्ति नहीं माना जाना चाहिए।
जान के वकील ने 72.3 करोड़ डॉलर के टैक्स-फ्री सेटलमेंट का प्रस्ताव बताया है, जबकि लारा का पक्ष इसे बेहद कम रकम मानता है।
आठ अरब डॉलर की संपत्ति
जान की संपत्ति फोर्ब्स के अनुसार करीब आठ अरब डालर है। यह मामला टू सिग्मा के भविष्य को भी प्रभावित कर सकता है। कंपनी के दोनों सह-संस्थापक जान ओवरडेक और डेविड सीगल के बीच पहले से सत्ता को लेकर तनाव रहा है।



