चप्पल-जूते की दुकान में मोलभाव को लेकर हुआ था विवाद, तीन विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़े गए
जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण मेला मैदान में चप्पल-जूते की दुकान में मोलभाव को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज के बाद एक युवक पर चाकू और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया गया। मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने मुख्य आरोपी दीप केंवट उर्फ दीप भाई (18 वर्ष 2 माह), निवासी बाबाघाट, शिवरीनारायण को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन स्टील के चाकू, एक लकड़ी और खून के निशान वाले कपड़े जब्त किए हैं। मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना गिधौरी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा निवासी करन यादव ने शिवरीनारायण थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने गांव के एक व्यक्ति द्वारा शिवरीनारायण मेला मैदान में लगाई गई चप्पल-जूते की दुकान में काम करता है। 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे दुकान में चप्पल-जूते के मोलभाव को लेकर भगतदास मानिकपुरी और एक विधि से संघर्षरत बालक के बीच विवाद हो गया। कुछ देर बाद उक्त बालक अपने साथियों के साथ वापस आया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर दीप केंवट उर्फ दीप भाई और उसके साथियों ने क्रेमरेज यादव पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके सिर, सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए तथा डंडे से भी मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे करन यादव के सिर पर भी डंडे से वार कर उसे घायल कर दिया गया। हमले में क्रेमरेज यादव गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उसे उपचार के लिए शिवरीनारायण के शबरी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तोमेश वर्मा के नेतृत्व में शिवरीनारायण पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने दबिश देकर मुख्य आरोपी दीप केंवट उर्फ दीप भाई सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया। पूछताछ एवं विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त तीन स्टील के चाकू, एक लकड़ी तथा खून के निशान वाले कपड़े जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। मुख्य आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी दीप केंवट और एक विधि से संघर्षरत बालक पूर्व में मांघी-पूर्णिमा मेले के दौरान भी एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने के मामले में शामिल रहे हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक गोपी सिंह, सहायक उपनिरीक्षक संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक गौरीशंकर कौशिक तथा आरक्षक पतिराम यादव, टुकेश्वर डडसेना, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले, नितीन, विकास, रामकुमार, जयदीप, कुलदीप, दिलीप साण्डे, श्रीकांत सहित थाना शिवरीनारायण के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



