Latest Posts

शराब घोटाले की कमाई से बनाई गई थी विट्ठल ग्रीन कॉलोनी, चैतन्य बघेल ने कुर्की को दी चुनौती; 23 को सुनवाई

शराब घोटाले की कथित अवैध कमाई से दुर्ग के जांजगीर में विट्ठल ग्रीन कॉलोनी विकसित करने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे चैतन्य बघेल ने ईडी की कार्रवाई को चुनौती दी है। ईडी का दावा है कि इस परियोजना में घोटाले से अर्जित 18.90 करोड़ रुपए का निवेश किया गया।

अब इस परियोजना का मूल्य 26.43 करोड़ रुपए हो चुका है। चैतन्य ने संपत्ति कुर्की के खिलाफ सक्षम न्यायालय में अर्जी लगाई है।ईडी ने मंगलवार को जारी अधिकृत बयान में बताया कि परियोजना में 10 करोड़ रुपए नकद और 8.90 करोड़ रुपए फर्मों के जरिए बैंक एंट्री के रूप में लगाए गए। इसका विकास चैतन्य बघेल की प्रोपराइटर शिप वाली कंपनी बघेल डेवलपर्स ने किया है। कॉलोनी में 354 आवासीय और एक व्यावसायिक प्लॉट हैं।

ईडी ने नवंबर 2025 में परियोजना समेत दुर्ग की कृषि भूमि को अस्थायी रूप से अटैच किया था। मार्च में नई दिल्ली की एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी ने इसकी पुष्टि की। इसके बाद 14 नवंबर को ईडी ने परियोजना पर भौतिक कब्जा ले लिया।

दिल्ली के अपीलीय न्यायाधिकरण में चुनौती, दस्तावेज पेश किए चैतन्य ने करीब 61 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्की के खिलाफ दिल्ली स्थित अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील की है। उनकी अर्जी पर 23 नवंबर को सुनवाई होनी है। उन्होंने अपनी संपत्ति और वैध निवेश से संबंधित दस्तावेज भी पेश किए हैं।

इधर, महादेव सट्टेबाजी में शुभम के खिलाफ वारंट महादेव सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रायपुर की विशेष अदालत ने मंगलवार को मुख्य आरोपी और खुद को ऐप का मालिक बताने वाले शुभम सोनी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। कोर्ट ने ईडी के जांच अधिकारी को उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई सतीश चंद्राकर और अन्य के खिलाफ चल रहे विशेष प्रकरण (क्रमांक 01/2024) के तहत की गई है। शुभम सोनी भिलाई का रहने वाला है और सौरभ चंद्राकर तथा रवि उप्पल के साथ महादेव ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में गिना जाता है। ये सभी भिलाई से दुबई शिफ्ट हुए थे। इस हाईप्रोफाइल केस में मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर को ओमान से भारत लाया गया था, जो फिलहाल 19 नवंबर तक ईडी की हिरासत में है। वहीं, रवि उप्पल को भी दुबई पुलिस की हिरासत से प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाने की प्रक्रिया चल रही है। चुनाव से पहले सुर्खियों में आया था शुभम : मूल रूप से भिलाई निवासी शुभम सोनी 2022 में दुबई गया था। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नवंबर 2023 में उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने दावा किया था कि साल 2021 में उसने ही भिलाई से महादेव बेटिंग ऐप की शुरुआत की थी और इससे जुड़े दस्तावेज उसके नाम पर हैं। वीडियो में उसने तत्कालीन सरकार और नेताओं को लेकर कई बड़े वित्तीय दावे किए थे, जिसके बाद ईडी ने उसे इस सिंडिकेट का मास्टरमाइंड बनाते हुए अपनी जांच के दायरे में लिया था। तब से वह फरार चल रहा था, और अब अदालत द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद उस पर कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

Latest Posts

Don't Miss