Latest Posts

नाबालिग से दुष्कर्म, फर्जी दस्तावेज से प्रसव और नवजात की बिक्री के मामले में 2 और आरोपी गिरफ्तार

नवजात को अवैध रूप से खरीदने वाला व्यक्ति और पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड बनाने वाली महिला गिरफ्तार

नवजात शिशु सकुशल बरामद, मातृछाया संस्था में सुरक्षित रखा गया
मामले में अब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर,21 अगस्त। नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रसव कराने तथा नवजात शिशु की अवैध बिक्री के गंभीर मामले में रायपुर कमिश्नरेट की न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
थाना न्यू राजेन्द्र नगर के अपराध क्रमांक 289/2026 में धारा 64(2)(एफ), 65, 336, 337, 61(2), 351(2), 115(2), 89, 3(5) बीएनएस, धारा 4(2), 5(एन), 6 पॉक्सो एक्ट तथा धारा 81 जे.जे. एक्ट के तहत अपराध दर्ज है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में सामने आई नवजात की बिक्री की जानकारी
पुलिस के अनुसार पूर्व में गिरफ्तार 6 आरोपियों से विस्तृत पूछताछ एवं विवेचना के दौरान जानकारी मिली कि पीड़िता के नवजात शिशु को पखांजूर, जिला कांकेर निवासी सुब्रत बिश्वास के पास बिक्री किया गया था।
वहीं, पीड़िता की आयु अधिक दर्शाने के उद्देश्य से कोतवाली क्षेत्र निवासी पूनम सागरिया द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से उसका फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस टीम ने पुख्ता सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुब्रत बिश्वास एवं पूनम सागरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सुब्रत बिश्वास ने नवजात शिशु को खरीदने तथा पूनम सागरिया ने मोबाइल फोन के माध्यम से पीड़िता का फर्जी आधार कार्ड तैयार करने की बात स्वीकार की। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नवजात शिशु सकुशल बरामद
पुलिस टीम ने आरोपी सुब्रत बिश्वास के कब्जे से नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया है। नवजात की सुरक्षा एवं समुचित देखभाल को ध्यान में रखते हुए उसे मातृछाया संस्था, रायपुर में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से प्रकरण से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इन मोबाइल फोन का उपयोग प्रकरण से जुड़ी गतिविधियों में किया जाना पाया गया है। जब्त उपकरणों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना जारी है।
पुलिस मामले में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
सुब्रत बिश्वास, उम्र 32 वर्ष, निवासी पीबी-34 प्रेम नगर कापसी, थाना पखांजूर, जिला कांकेर, छत्तीसगढ़।
पूनम सागरिया, निवासी एसबीआई एटीएम के पास, प्रकाश किराना दुकान के सामने, कालीबाड़ी, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायपुर।
रायपुर पुलिस ने बताया कि नाबालिग के साथ अपराध और नवजात शिशु की अवैध खरीद-बिक्री जैसे गंभीर मामलों में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Latest Posts

Don't Miss