Latest Posts

मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। थाना कोतवाली क्षेत्र के मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हुई चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम और वारदात में प्रयुक्त लोहे का सब्बल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार महाविद्यालय की इमारत में प्रवेश कर अज्ञात आरोपियों ने पुरानी इस्तेमाल की हुई एल्यूमिनियम की खिड़कियां चोरी कर ली थीं। मामले में अपराध क्रमांक 685/2026 और 687/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विवेचना में तीनों की दोनों चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया।एल्यूमिनियम फ्रेम और घटना में इस्तेमाल लोहे का सब्बल बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सागर कश्यप (22), निवासी मुड़ापार महंत मोहल्ला, आकाश उरांव उर्फ टब्बरी (21), निवासी मुड़ापार साहू मोहल्ला और ईश्वर बंजारे (21), निवासी रामनगर दुर्गा पंडाल के पास शामिल हैं। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(1) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। वहीं कोरबा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास चोरी का सामान बिक्री के लिए रखा हुआ दिखाई दे या कोई संदिग्ध व्यक्ति चोरी के सामान के साथ नजर आए तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान आवश्यकतानुसार गोपनीय रखी जाएगी।

Latest Posts

Don't Miss