Latest Posts

सितंबर के महीने में भी जारी है गर्मी का सितम, तेज धूप और उमस ने लोगों की बढ़ाई परेशानी

बरसात के दौरान बंद हुआ कूलर व एसी फिर से हो गया चालू

चांपा। सितंबर महीने का अंतिम दिन चल रहा है, लेकिन गर्मी का असर कम होने का नाम नही ले रहा है। तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह होते ही गर्मी महसूस की जा रही हैं दिन चढ़ने के साथ गर्मी और उमस का असर इतना बढ़ जाता है कि घर के भीतर भी लोगों को राहत महसूस नही हो रही हैं। हालात यह हैं की पंखे की हवा पर्याप्त नही लग रही है और कई घरों में बरसात के दौरान बंद किया गया कूलर फिर से चालू हो गया है इसके साथ ही एसी चलाना मजबूरी बन गया है। शासकीस रिकॉर्ड के अनुसार 16 जून से 15 सितंबर मानसून सत्र माना जाता है लेकिन इस बार मानसून सत्र के खत्म होते ही गर्मी ने फिर से सितम ढाया है सुबह के  मौसम कुछ शीत और ठंडी महसूस की जाती है लेकिन जैसे-जैसे सूरज चढ़ता है, गर्मी की तपिश बढ़ने लगती है। दोपहर में चिलचिलाती धूप के साथ उमस और रात्रि के समय लोगो को सबसे ज्यादा  गर्मी परेशान कर रही है। सड़कों और बाजारों में दोपहर के वक्त जरूरी काम से निकलने वाले लोग गर्मी से बचने के लिए गमछा, छाता और अन्य साधनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। गर्मी का असर केवल खुले स्थानों तक सीमित नही है। वातावरण में उमस अधिक होने के कारण घरों के अंदर भी बेचैनी बनी हुई है। पंखे चलने के बावजूद चिपचिपाहट और गर्मी महसूस हो रही है। कूलर भी उमस के कारण अपेक्षित राहत नही दे पा रहे हैं। ऐसे हालात में लोग कमरों को ठंडा रखने के लिए एसी का सहारा ले रहे हैं। खासकर दोपहर और रात के समय एसी का इस्तेमाल बढ़ गया है। एसी, कूलर और पंखों का लगातार उपयोग होने से बिजली की खपत बढ़ने लगी है। जिससे दिन हो या रात किसी भी समय विद्युत प्रवाह बाधित हो रही है गर्मी के कारण विद्युत उपकरणों के लंबे समय तक चलने से घरेलू बिजली बिल पर भी असर पड़ने की आशंका है। मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए गर्मी से राहत और बिजली खर्च के बीच संतुलन बनाना चुनौती बनता जा रहा है। इस बार सितंबर में भी गर्मी और उमस से परेशान लोगों की नजर अब आसमान पर टिकी है। लोगों को उम्मीद है कि फिर से अच्छी बारिश होने से वातावरण में ठंडक आएगी और उमस से राहत मिलेगी। फिलहाल बदलते मौसम के बीच गर्मी का यह दौर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सितंबर में जहां लोगों को मौसम में बदलाव और राहत की उम्मीद रहती है, वही इस बार गर्मी और उमस ने लोगों को एसी-कूलर के सहारे रहने के लिए मजबूर कर दिया है।

Latest Posts

Don't Miss