जांजगीर-चांपा। धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में शारदीय नवरात्र पर्व के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में सप्तमी के पावन अवसर पर थाना चौक व्यापारी संघ के तत्वावधान में माता रानी की भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे नगर का वातावरण माता रानी के जयकारों से भक्तिमय हो गया।चुनरी यात्रा थाना चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मेला ग्राउंड स्थित शिवरीनारायण की महारानी के भव्य दरबार तक पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धापूर्वक माता रानी को चुनरी अर्पित कर सुख-समृद्धि, खुशहाली और परिवार की मंगलकामना की।यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-गाते और माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। चुनरी यात्रा में थाना चौक व्यापारी संघ के सदस्यों के साथ नगरवासियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक साथ माता रानी की आराधना करते हुए इस धार्मिक आयोजन का आनंद उठाया।नगर की धार्मिक परंपराओं और आपसी सौहार्द को मजबूत करने वाली इस चुनरी यात्रा में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने नवरात्र उत्सव की रौनक को और बढ़ा दिया। माता रानी के दरबार में चुनरी अर्पित करने के साथ श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की। पूरे आयोजन में भक्ति, उल्लास और धार्मिक एकता की झलक देखने को मिली।नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य चुनरी यात्रा ने शिवरीनारायण में मां दुर्गा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और नगर की धार्मिक संस्कृति को एक बार फिर प्रदर्शित किया।



