Latest Posts

सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, बाजारों में रहेगी कड़ी निगरानी

चौक-चौराहों और सराफा बाजारों में फिक्स पॉइंट पर तैनात रहेंगे जवान

जांजगीर-चांपा। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दीपावली पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने की तैयारी की है।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, सराफा दुकानों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में फिक्स पॉइंट निर्धारित कर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही पेट्रोलिंग टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी।पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बाजारों में चोरी, उठाईगिरी, जेबकटमारी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस जवान मुस्तैद रहेंगे। वहीं, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।सुरक्षा के लिए पुलिस की अपीलजांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की है। खरीदारी के दौरान अपने सामान और वाहनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम जांजगीर के मोबाइल नंबर 9479193199 अथवा डायल 112 पर देने की अपील की गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण पर्व आयोजन के लिए पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।

Latest Posts

Don't Miss