Latest Posts

घर में अजगर देख मचा हड़कंप, वन विभाग ने पहुंचकर सुरक्षित पकड़ा और जंगल में छोड़ा

बारिश में घरों की ओर वन्यजीवों की दस्तक, देवपहरी में रेस्क्यू हुआ विशाल अजगर

कोरबा। बारिश के साथ जंगलों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। पानी और सुरक्षित ठिकाने की तलाश में वन्यजीव अब आबादी वाले क्षेत्रों की ओर भी पहुंच रहे हैं। लेमरू वन परिक्षेत्र के ग्राम देवपहरी में ऐसा ही मामला सामने आया, जहां एक ग्रामीण के घर के अंदर विशालकाय अजगर घुस गया। अजगर को देखते ही परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक उसका रेस्क्यू कर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।
ग्राम देवपहरी निवासी दिलीप कुमार सारथी के घर में अजगर दिखाई देने की सूचना वन विभाग को दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी देवव्रत सिन्हा ने रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर भेजा। प्रशिक्षित वनकर्मियों ने ग्रामीणों की मौजूदगी में सुरक्षित तरीके से अजगर को नियंत्रित किया और उसे बिना किसी नुकसान के रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को समझाइश दी कि बारिश के मौसम में घर, खेत या आसपास वन्यजीव दिखाई देने पर घबराने की जरूरत नहीं है। वन्यजीव को पकड़ने, भगाने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देनी चाहिए। विभाग की टीम ने ग्रामीणों से वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

समय पर सूचना से टला खतरा
अजगर के घर में पहुंचने की सूचना ग्रामीणों द्वारा समय पर वन विभाग को दिए जाने से किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से अजगर को भी सुरक्षित बचाकर उसके प्राकृतिक रहवास में छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की तत्परता की सराहना की।

Latest Posts

Don't Miss